chhath prasad delivered to us uk and gulf countries through postal department

Date:


होमताजा खबरधर्म

अमेरिका-ब्रिटेन से खाड़ी देशों तक पहुंचेगा छठ प्रसाद, डाक विभाग की खास पहल

Last Updated:

Chhath Puja 2026: भारतीय डाक विभाग ने छठ पर्व पर अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों समेत विदेशों में रहने वाले प्रवासियों तक 5 से 6 दिनों में पारंपरिक प्रसाद पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की है. इसके लिए प्रधान डाकघरों में विशेष काउंटर खोले गए हैं और दिल्ली से कस्टम क्लीयरेंस होगा.

ख़बरें फटाफट

Chhath Prasad Delivery: लोक आस्था के महापर्व छठ पर अब सात समंदर पार रहने वाले बिहारियों को भी घर के बने ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद का स्वाद मिल सकेगा. इसके लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है. विभाग ने छठ प्रसाद को देश-विदेश में तेजी से पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा को दुरुस्त किया है. नई व्यवस्था के तहत अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों तक छठ का प्रसाद महज 5 से 6 दिनों में पहुंचाने की तैयारी है.

इसके लिए मुजफ्फरपुर सहित कई शहरों के प्रधान डाकघरों और रेलवे स्टेशन स्थित डाक सेवा केंद्रों पर विशेष काउंटर खोले गए हैं. यहां से लोग अपने विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों और परिजनों के लिए छठ प्रसाद की बुकिंग करा सकते हैं. मुजफ्फरपुर के अलावा छपरा, मोतिहारी और सीवान में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन काउंटरों पर विशेष रूप से छठ प्रसाद के पार्सल की बुकिंग की व्यवस्था की गई है.

कोलकाता की जगह दिल्ली से होगा कस्टम क्लीयरेंस
प्रसाद की डिलीवरी में तेजी लाने के लिए डाक विभाग ने पार्सल भेजने का रूट भी बदल दिया है. पहले पूर्वी भारत से विदेश भेजे जाने वाले पार्सल कस्टम क्लीयरेंस के लिए कोलकाता भेजे जाते थे. अब इन्हें सीधे नई दिल्ली भेजा जाएगा. वहां प्राथमिकता के आधार पर कस्टम क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी कर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से संबंधित देशों में भेजा जाएगा. इससे तीन से चार दिनों तक समय की बचत होगी. पहले अंतरराष्ट्रीय पार्सल पहुंचने में सामान्य तौर पर 10 से 15 दिन लगते थे.

पैकिंग और शुद्धता का रखा जाएगा विशेष ध्यान
छठ प्रसाद की शुचिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग ने कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया है. बुकिंग से लेकर पार्सल भेजने तक उसकी पैकिंग और सुरक्षित रखरखाव पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद विदेशों तक सुरक्षित पहुंच सकें. आरएमएस के सहायक अधीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि छठ प्रसाद को विदेशों में समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पहले पार्सल कोलकाता भेजे जाते थे, लेकिन अब सीधे दिल्ली भेजने से समय की बचत होगी. आरएमएस अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. छठ के अवसर पर देश के भीतर भी प्रसाद को 36 से 48 घंटे में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. विभाग की इस पहल से विदेशों में रहने वाले बिहारियों को भी अपने घर और छठ की परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related