Last Updated:
Success Story : पैराडाइज रेस्टोरेंट चेन की शुरुआत सिकंदराबाद में एक सिनेमा हॉल कैंटीन से हुई थी. 1953 में शुरू हुआ यह सफर अब 705 करोड़ की कंपनी में तब्दील हो चुका है. आज पैराडाइज का विस्तार कई बड़े शहरों में हो चुका है. कंपनी का इरादा आने वाले समय में 150 नए रेस्टोरेंट खोलने का है.
हैदराबाद से निकलकर ब्रांड ने बेंगलुरु, चेन्नई, विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में अपने पैर पसारे.
नई दिल्ली. कोई भी काम छोटा नहीं होता, अगर इरादे बड़े हों और मेहनत में ईमानदारी हो. अक्सर लोग बड़ा कारोबार खड़ा करने के लिए भारी-भरकम पूंजी और आलीशान दफ्तर का इंतजार करते रह जाते हैं, लेकिन असली कामयाबी की कहानियां अक्सर बेहद मामूली शुरुआत से ही जन्म लेती हैं. पैराडाइज ब्रांड की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. आज ₹705 करोड़ की रेस्टोरेंट चेन बनी चुकी इस कंपनी की नींव कभी महज चाय, समोसे और बिस्कुट बेचने से पड़ी थी. पैराडाइज की बिरयानी पूरे देश में फेमस है.
पैराडाइज की वेबसाइट के मुताबिक, साल 1953 में सिकंदराबाद के एक थिएटर में ईरानी चाय, समोसे और बिस्कुट बेचने के लिए पैराडाइज कैफे की शुरुआत अली हेमती (Ali Hemati) के पिता और चाचा ने मिलकर की थी. जैसे-जैसे लोगों को यहां का स्वाद भाने लगा, ग्राहकों की भीड़ बढ़ती गई. इसके बाद इस छोटे कैफे को करीब 100 लोगों के बैठने की क्षमता वाले रेस्टोरेंट में तब्दील किया गया. 1960 के दशक की शुरुआत में इसके मेन्यू में बिरयानी और हैदराबाद के पारंपरिक व्यंजनों की एंट्री हुई, जिसने इसकी तकदीर हमेशा के लिए बदल दी.
1978 अली हेमती ने संभाली कमाल
पैराडाइज की कहानी में सबसे बड़ा मोड़ साल 1978 में आया, जब अली हेमती (Ali Hemati) ने अपने पिता और चाचा से कारोबार की बागडोर संभाली. उस समय परिवार के साथ बाहर खाना खाने का चलन शुरू ही हुआ था. अली ने समय की नब्ज को पहचाना और रेस्टोरेंट का कायाकल्प करते हुए एक अलग फैमिली डाइनिंग स्पेस तैयार किया. साल 1983 में इसे पैराडाइज पर्सिस फैमिली रेस्टोरेंट (Paradise Persis Family Restaurant) के नाम से दोबारा लॉन्च किया गया. टेकअवे सर्विस भी शुरू की गई. दिलचस्प बात यह रही कि साल 1987 में वह सिनेमा थिएटर तो बंद हो गया, लेकिन रेस्टोरेंट चलता रहा.
बिना फ्रेंचाइजी दिए दूसरे शहरों में जमाई धाक
1996 में कंपनी का बड़े पैमाने पर आधुनिकीकरण किया गया और अलग-अलग ग्राहकों के लिए पर्सिस गोल्ड, पर्सिस सिल्वर, प्लैटिनम और पैराडाइज फूड कोर्ट जैसे फॉर्मेट पेश किए गए. हैदराबाद से निकलकर ब्रांड ने बेंगलुरु, चेन्नई, विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में अपने पैर पसारे. आज इसके हाई-स्ट्रीट रेस्टोरेंट, मॉल आउटलेट्स और क्लाउड किचन मौजूद हैं. खास बात यह है कि पैराडाइज ने फ्रेंचाइजी बांटने के बजाय सभी आउटलेट्स का संचालन खुद अपने हाथ में रखा, ताकि देश के किसी भी कोने में बिरयानी के स्वाद और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो.
₹705 करोड़ पहुंचा वैल्यूएशन
एक पारिवारिक बिजनेस से कॉर्पोरेट दिग्गज बनने के इस सफर ने बड़े निवेशकों को भी आकर्षित किया. 2014 में बर्रप इन्वेस्टमेंट ने सीरीज-A फंडिंग राउंड का नेतृत्व किया, तब कंपनी का वैल्यूएशन करीब ₹300 करोड़ था.
2022 में प्राइवेट इक्विटी फर्म समारा कैपिटल ने ने करीब 75 मिलियन डॉलर (लगभग ₹566.5 करोड़) के वैल्यूएशन पर पैराडाइज का अधिग्रहण किया.2025-26 के Tracxn के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 (FY25) में कंपनी का सालाना रेवेन्यू करीब ₹259 करोड़ रहा. वहीं, फरवरी 2026 में इसका पोस्ट-मनी वैल्यूएशन बढ़कर ₹705 करोड़ के पार पहुंच गया.
About the Author
रुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …
