Last Updated:
Kanpur newspaper owner son death news : कानपुर में एक कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में छठवीं मंजिल से गिरकर मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की है. वायरल वीडियो में संभव खंडेलवाल छठी मंजिल से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है. पोस्टमार्टम में शरीर पर कुल 13 चोटें मिली हैं. बताया जा रहा है कि युवक बी-2 टावर की छठी मंजिल पर रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आया था. युवती अपनी मां और छोटे भाई के साथ अपार्टमेंट में रहती है. पुलिस युवक के महिला मित्र, उसकी मां, छोटे भाई और मुंहबोले मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज.
कानपुर. यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे संभव खंडेलवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में छठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. मामले में देर रात घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया. वायरल वीडियो में संभव छठी मंजिल से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है. उसके गिरते ही अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच जाती है और कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट जाती है. रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया. शरीर पर कुल 13 चोटें मिली हैं. अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौत की पुष्टि हुई है. हालांकि, युवक छठी मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं हो सकी है. पुलिस युवक के महिला मित्र, उसकी मां, छोटे भाई और मुंहबोले मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गुमटी नंबर पांच निवासी विशाल खंडेलवाल गुरु कृपा पेपर के कारोबारी हैं. वह एक समाचार पत्र के मालिक और संपादक भी हैं. उनका बेटा संभव खंडेलवाल बीकॉम का छात्र था. परिवार में पिता विशाल खंडेलवाल, मां प्रीति खंडेलवाल और एक बहन काव्या खंडेलवाल हैं. संभव शनिवार शाम करीब पांच बजे सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट पहुंचा था. बताया जा रहा है कि वह बी-2 टावर की छठी मंजिल पर रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आया था. युवती अपनी मां और छोटे भाई के साथ अपार्टमेंट में रहती है.
शव देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शव पर चोट के निशान देखने के बाद संभव के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई. हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. 14 नवंबर (रविवार) को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया. शरीर पर कुल 13 चोटें दर्ज की गईं. अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों को जोड़कर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज में क्या-क्या दिखा
घटना के बाद देर रात अपार्टमेंट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में संभव छठवीं मंजिल से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है. उसके गिरते ही अपार्टमेंट परिसर में मौजूद लोग अचानक घटनास्थल की ओर दौड़ते हैं. कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट जाती है. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी होती दिखाई देती है. घटना की सूचना पर बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने अपार्टमेंट के बी-2 टावर की छठवीं मंजिल और नीचे उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां संभव गिरा था. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. टीम ने अस्पताल पहुंचकर भी जांच की. पुलिस ने महिला मित्र, उसकी मां, छोटे भाई और युवती के मुंहबोले मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
क्या बोली पुलिस
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि अपार्टमेंट से युवक के नीचे गिरने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. वीडियो में युवक नीचे गिरता दिखाई दे रहा है. इसके बाद अपार्टमेंट में मौजूद लोगों की भीड़ जुट जाती है और उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया जाता है. हालांकि, छठवीं मंजिल पर उसके साथ क्या हुआ और वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है.
About the Author
प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
