Last Updated:
Perfume Business Startup: नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए इत्र नगरी कन्नौज में अपना कारोबार शुरू करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है. अब 12वीं पास युवा भी इत्र उद्योग से जुड़कर अपना रोजगार स्थापित कर सकेंगे. इसके लिए फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी) कन्नौज की ओर से 15 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रशिक्षण 30 नवंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक चलेगा.
कन्नौज: नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए इत्र नगरी कन्नौज में अपना कारोबार शुरू करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है. अब 12वीं पास युवा भी इत्र उद्योग से जुड़कर अपना रोजगार स्थापित कर सकेंगे. इसके लिए फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी) कन्नौज की ओर से 15 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रशिक्षण 30 नवंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक चलेगा. इसमें युवाओं को इत्र कारोबार की बारीकियों से लेकर व्यवसाय को बाजार में स्थापित करने तक की जानकारी दी जाएगी.
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को इत्र उद्योग से जोड़कर स्वरोजगार के लिए तैयार करना है. खास बात यह है कि इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है. ऐसे युवा जो खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं और इत्र बनाने के पारंपरिक हुनर को व्यवसाय में बदलने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए यह अच्छा अवसर है. प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को इत्र उद्योग से जुड़ी तकनीकी और व्यावसायिक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी.
क्वालिटी टेस्टिंग से लेकर मार्केटिंग तक की मिलेगी ट्रेनिंंग
एफएफडीसी के डायरेक्टर शक्ति विनय शुक्ला ने लोकल 18 से बताया कि प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को सिर्फ इत्र बनाने की जानकारी तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा. संस्थान में क्वालिटी टेस्टिंग और मार्केटिंग से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. इसके माध्यम से युवा अपने तैयार उत्पाद की गुणवत्ता की जांच कराने, उत्पाद को बेहतर बनाने और बाजार की मांग के अनुसार कारोबार को आगे बढ़ाने की जानकारी हासिल कर सकेंगे. इसके अलावा मार्केटिंग से जुड़ी जानकारी मिलने से युवाओं को अपने उत्पाद की पहचान बनाने और ग्राहकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
युवाओं के लिए कारोबार की नई राह
कन्नौज की पहचान सदियों से इत्र निर्माण के लिए रही है. यहां देग-भपका पद्धति से तैयार होने वाले मिट्टी के इत्र, गुलाब, खस और अन्य सुगंधित उत्पादों की देश-विदेश में पहचान है. इसके बावजूद इत्र उद्योग में नए उद्यमियों को आगे आने की जरूरत है. ऐसे में एफएफडीसी का यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए कारोबार की नई राह खोल सकता है. 15 दिन के प्रशिक्षण के जरिए युवा पारंपरिक इत्र उद्योग को आधुनिक व्यवसाय के रूप में अपनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और नए कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
