Last Updated:
Chapra Math Genius Ayush Ranjan Story: बिहार का नन्हा मैथ जीनियस! छपरा में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला आयुष रंजन गणित के ऐसे शॉर्टकट ट्रिक सिखाता है. जिनसे कठिन सवाल भी आसानी से हल किए जा सकते हैं. खुद नवोदय और सैनिक स्कूल की परीक्षा पास कर चुका है. अब यूट्यूब के जरिए गरीब और ग्रामीण बच्चों को घर बैठे पढ़ाई में मदद कर रहा है. जानिए इस नन्ही प्रतिभा की पूरी कहानी.
Chapra Math Genius Ayush Ranjan: बिहार के छपरा का एक ऐसा छात्र, जिसकी प्रतिभा देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला आयुष रंजन गणित के ऐसे शॉर्टकट ट्रिक बताता है, जिनकी मदद से कठिन सवालों को भी कम समय में हल किया जा सकता है. पढ़ाई के साथ-साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को गणित के आसान तरीके सिखाता है. इसके लिए वह वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड करता है. आयुष मूल रूप से सारण जिले के नगरा प्रखंड के खुदाईबाग के रहने वाले हैं. उनके पिता मनोरंजन प्रसाद सिंह और माता सुनीता सिंह हैं. फिलहाल वह सदर प्रखंड के मेथवलिया स्थित घोष कॉलोनी में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. आयुष मुख्य रूप से गणित के सवालों को कम समय में हल करने के तरीके बताते हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का क्या है मकसद?
आयुष अपने नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जिस पर गणित के शॉर्टकट ट्रिक से जुड़े वीडियो अपलोड करते हैं. उनका मकसद ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों के बच्चों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना है, ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना या छपरा जैसे बड़े शहरों में जाने की जरूरत न पड़े. लोकल 18 से बातचीत में आयुष ने बताया कि वह भी गांव से छपरा आकर पढ़ाई कर रहे हैं. उनके गांव के आसपास शिक्षा के लिहाज से पर्याप्त सुविधाएं नहीं थीं. इसी वजह से उनके माता-पिता उन्हें छपरा शहर लेकर आए. उन्होंने महसूस किया कि ऐसे हजारों बच्चे हैं, जो आर्थिक परेशानी के कारण बड़े शहरों में जाकर पढ़ाई नहीं कर पाते. इन्हीं बच्चों की मदद के लिए उन्होंने यूट्यूब पर गणित के वीडियो बनाना शुरू किया.
किन विद्यार्थियों के काम आएंगे आयुष के मैथ ट्रिक?
आयुष गणित के सवालों को कम से कम समय में हल करने के आसान तरीके बताते हैं. उनके बताए ट्रिक केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, रेलवे और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकते हैं. विद्यार्थी उनके यूट्यूब चैनल पर वीडियो देखकर घर बैठे गणित का अभ्यास कर सकते हैं.
नवोदय और सैनिक स्कूल की परीक्षा पास कर चुके हैं आयुष
आयुष खुद भी नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा पास कर चुके हैं. फिलहाल वह सातवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं. स्कूल से आने के बाद उनका ज्यादातर समय पढ़ाई और गणित के सवालों का अभ्यास करने में बीतता है. उन्हें क्रिकेट और फुटबॉल खेलना भी पसंद है, लेकिन पढ़ाई के कारण खेल के लिए ज्यादा समय नहीं निकाल पाते. लोकल 18 से बातचीत में आयुष रंजन ने बताया कि मैं सातवीं कक्षा में पढ़ता हूं. गणित के कॉम्पिटेटिव ट्रिक बताता हूं. जिससे विद्यार्थी कम समय में सवाल हल कर सकते हैं. मैं खुद भी पढ़ाई करता हूं. जो सीखता हूं, उसे बोर्ड पर अभ्यास करके वीडियो बनाता हूं. मेरे वीडियो को हजारों-लाखों लोग देखते हैं. उन्होंने बताया कि गांवों में रहने वाले कई प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं. आर्थिक परेशानी के कारण वे बड़े शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते. ऐसे ही बच्चों को ध्यान में रखकर वह यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं, ताकि वे घर बैठे आसानी से पढ़ाई कर सकें. यही आयुष रंजन का मुख्य मकसद है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
