Last Updated:
Finn Allen most sixes records: ईडन गार्डन्स पर कोलकाता नाइट राइडर्स के फिन एलेन ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 10 छक्के शामिल रहेय. इस आतिशबाजी के साथ आईपीएल 2026 में उनके कुल 27 छक्के हो गए हैं, जिससे उन्होंने फिल सॉल्ट (24 छक्के) का केकेआर के लिए डेब्यू सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब उनकी नजरें सनथ जयसूर्या के 31 छक्कों के सर्वकालिक रिकॉर्ड पर हैं. साथ ही, वे क्रिस गेल, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी के साथ एक पारी में 10 प्लस छक्के लगाने वाले एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं.
फिर एलेन 93 रन बनाकर आउट हुए जिसमें 10 छक्के शामिल थे.
नई दिल्ली. कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने रनों का ऐसा तूफान लाया कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाज असहाय नजर आए. एलेन ने महज 35 गेंदों में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. उनकी इस आतिशी पारी की सबसे खास बात यह रही कि इसमें चौकों से ज्यादा छक्कों की बरसात हुई. उन्होंने अपनी पारी में 4 शानदार चौके और उससे दोगुने से भी ज्यादा यानी 10 गगनचुंबी छक्के जड़े. इस धमाकेदार पारी के साथ ही आईपीएल 2026 सीजन में फिन एलेन के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. अब 9 मैचों के बाद उनके खाते में कुल 27 छक्के हो चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने केकेआर के लिए अपने डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सॉल्ट ने साल 2024 में अपने डेब्यू सीजन में 24 छक्के लगाए थे.
फिन एलेन (Finn Allen) की नजरें मुंबई इंडियंस के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या के उस सर्वकालिक आईपीएल रिकॉर्ड पर हैं, जो उन्होंने साल 2008 के पहले सीजन में 31 छक्के लगाकर बनाया था. एलेन के पास इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करने के लिए अभी दो मैच और बाकी हैं. इसके अलावा, फिन एलेन ने आईपीएल की एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने के विशिष्ट क्लब में भी अपनी जगह पक्की कर ली है. आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार (4 बार) एक पारी में 10 या इससे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम है. उनके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने यह कारनामा 2-2 बार किया है. अब फिन एलेन भी 2 बार यह उपलब्धि हासिल कर इन दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं.
फिर एलेन 93 रन बनाकर आउट हुए जिसमें 10 छक्के शामिल थे.
इससे पहले करो या मरो मैच में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टॉस के वक्त पिच की स्थिति और अपनी रणनीति पर बात करते हुए गिल ने कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करने जा रहे हैं. कल यहां थोड़ी बारिश हुई थी, जिसकी वजह से पिच में थोड़ी नमी है और यह थोड़ी चिपचिपी (sticky) दिख रही है. हमें उम्मीद है कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए परिस्थितियां बेहतर हो जाएंगी. हमारी टीम ने लगातार पांच मैच जीते हैं और गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. हमारा मानना है कि बल्लेबाज आपको मैच जिताते हैं, लेकिन अगर आपको चैंपियनशिप जीतनी है, तो आपकी गेंदबाजी यूनिट का फॉर्म में होना जरूरी है, और हमारे लिए अच्छी बात यह है कि हमारे गेंदबाज इस समय पूरी ताकत से प्रदर्शन कर रहे हैं.’
अपनी टीम के शानदार सफर को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए गिल ने आगे कहा, ‘इस सीजन में हमारा बॉलिंग शीर्ष स्तर का रहा है. फिलहाल मोमेंटम हमारे साथ है और हमें उन चीजों को लगातार दोहराना होगा जो हम अब तक अच्छी करते आए हैं. टूर्नामेंट का यह ऐसा पड़ाव है जहां हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते. हमारी कोशिश अगले दोनों मैच जीतकर अंक तालिका के टॉप-2 स्थानों में अपनी जगह पक्की करने की है. शीर्ष दो में रहने से टीम को एक अतिरिक्त मौका (क्वालीफायर) मिलता है, जिससे आपको मैदान पर खुलकर अपना गेम खेलने की आजादी मिलती है. हालांकि उम्मीद है कि हमें उस अतिरिक्त मैच की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. इस अहम मुकाबले के लिए हम अपनी पुरानी प्लेइंग इलेवन के साथ ही मैदान पर उतर रहे हैं.’
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


