10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल का शेड्यूल जारी, जनवरी में इन तारीखों पर होंगे एग्जाम

Date:


प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी में दो चरणों में आयोजित की जाएंगी. पहला चरण 11 जनवरी से 19 जनवरी 2027 तक चलेगा, जबकि दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक होंगी. यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है.

बोर्ड के कार्यक्रम के मुताबिक, पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के जिलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं कराई जाएंगी. इन मंडलों में परीक्षा 11 से 19 जनवरी तक आयोजित होगी.

वहीं, दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जिलों को शामिल किया गया है. यहां 20 जनवरी से 28 जनवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी. परीक्षकों की नियुक्ति और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारियां संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त की जा सकेंगी.

सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगे प्रैक्टिकल
यूपी बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है. सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित कराई जाएंगी. विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे उपलब्ध कराया जा सके.

हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान की परीक्षा बोर्ड कराएगा
हाईस्कूल के छात्रों के लिए प्रयोगात्मक परीक्षा की व्यवस्था भी स्पष्ट कर दी गई है. विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले साल की तरह विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर कराई जाएंगी. वहीं, विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों में बोर्ड की ओर से 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित करना होगा.

1 जनवरी से वेबसाइट पर अपलोड होंगे अंक
बोर्ड के मुताबिक, हाईस्कूल के विभिन्न विषयों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक, नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक और इंटरमीडिएट के नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे. इसके लिए यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in एक जनवरी 2027 से सक्रिय हो जाएगी. स्कूलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी प्राप्तांक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे.

दिसंबर में प्री-बोर्ड, जनवरी में वार्षिक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड ने प्री-बोर्ड और अन्य कक्षाओं की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी बताया है. विद्यालय स्तर पर कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी. इसके बाद कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में होंगी. वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ओर से कराई जाएंगी.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related