Last Updated:
Sai Sudharsan fastest 3000 t20 run in world: गुजरात टाइटंस के 24 वर्षीय सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 28 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेलकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे किए. महज 78 पारियों में यह मुकाम हासिल कर सुदर्शन दुनिया में सबसे तेज 3000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने शॉन मार्श का विश्व रिकॉर्ड तोड़कर यह नया कीर्तिमान स्थापित किया.
बी साई सुदर्शन (B Sai Sudharsan) ने कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस के लिए पारी की शुरुआत की.उन्होंने विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 28 गेंदों में 53 रनों की नाबाद और तूफानी पारी खेली.अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 6 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े.

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस मैच में उतरने से पहले साई सुदर्शन को टी20 क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे करने के लिए 36 रनों की दरकार थी. गुजरात टाइटंस की पारी के 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर, जिसे केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी फेंक रहे थे, सुदर्शन ने अपना 36वां रन लेकर टी20 प्रारूप में एक बहुत बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लियाय. वह अब टी20 क्रिकेट में 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं.

यह मैच साई सुदर्शन के टी20 करियर का 79वां मैच था. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए केवल 78 पारियां खेलीं. महज 78 पारियों में 3000 रन पूरे करके साई सुदर्शन अब दुनिया के सबसे तेज 3000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. क्रिकेट इतिहास में उनसे पहले कोई भी खिलाड़ी इतनी कम पारियों में इस जादुई आंकड़े तक नहीं पहुंच सका है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

साई सुदर्शन से पहले टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शॉन मार्श के नाम दर्ज था. शॉन मार्श ने आईपीएल में पंजाब किंग्स (तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब) का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी 85वीं पारी में 3000 टी20 रन पूरे किए थे. मार्श ने इसके लिए कुल 87 मैच खेले थे. सुदर्शन ने मार्श के इस रिकॉर्ड को भारी अंतर से तोड़ते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है.

साई सुदर्शन ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम करते ही एक और अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है. वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 80 से कम पारियों में 3000 रनों का आंकड़ा छुआ है. दुनिया में अब तक केवल पांच ही ऐसे बल्लेबाज हुए हैं जिन्होंने 90 से कम पारियों में 3000 रन बनाए हैं, लेकिन 80 की बाधा को पार करने वाले सुदर्शन एकमात्र बल्लेबाज हैं.

विश्व क्रिकेट में सबसे तेज 3000 टी20 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में साई सुदर्शन (78 पारियां) और शॉन मार्श (85 पारियां) के बाद ऑस्ट्रेलिया के डी’आर्सी शॉर्ट (86 पारियां, 86 मैच) और न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे (86 पारियां, 90 मैच) का नंबर आता है. वेस्टइंडीज के ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल ने इसके लिए 87 पारियां (88 मैच) ली थीं. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच ने 90 पारियों (93 मैच), संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मोहम्मद वसीम ने 90 पारियों (90 मैच) और पाकिस्तान के बाबर आजम ने 92 पारियों (95 मैच) में यह कारनामा किया था. दक्षिण अफ्रीका के रासी वैन डर डुसेन ने भी 92 पारियों (97 मैच) में 3000 रन पूरे किए थे, जो अब सुदर्शन से काफी पीछे छूट गए हैं.

साई सुदर्शन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शीर्ष पर बने हुए हैं. अगर उनके पूरे टी20 करियर (टोटल) पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 79 मैचों की 78 पारियों में 43.72 की बेहतरीन औसत और 142.17 के दमदार स्ट्राइक रेट से कुल 3017 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 108 रन नाबाद रहा है.उनके नाम टी20 में 4 शतक और 21 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें उन्होंने कुल 303 चौके और 85 छक्के लगाए हैं.

सुदर्शन के कुल रनों में सबसे बड़ा योगदान आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस का है. उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए 53 मैचों की 53 पारियों में 48.89 की लाजवाब औसत और 148.54 के स्ट्राइक रेट से 2347 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उन्होंने 238 चौके और 77 छक्के जड़े हैं. वहीं अपनी घरेलू टीम तमिलनाडु के लिए उन्होंने 25 मैचों की 25 पारियों में 31.90 की औसत और 123.61 के स्ट्राइक रेट से 670 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक, 3 अर्धशतक, 65 चौके और 8 छक्के शामिल हैं. इसके अलावा वह भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए भी 1 मैच खेल चुके हैं, हालांकि उसमें उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था.

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो साई सुदर्शन से पहले सबसे तेज 3000 टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड तिलक वर्मा के नाम था. मुंबई इंडियंस और भारतीय टीम के सदस्य तिलक वर्मा ने हैदराबाद, इंडिया, इंडिया ए और मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 92 मैचों की 90 पारियों में अपने 3000 रन पूरे किए थे. सुदर्शन ने तिलक वर्मा से 12 पारियां कम खेलकर भारतीय बल्लेबाजों की सूची में भी पहला स्थान हासिल कर लिया है.

सबसे तेज 3000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की फेहरिस्त में साई सुदर्शन (78 पारियां) और तिलक वर्मा (90 पारियां) के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का नाम आता है, जिन्होंने 91 पारियों (93 मैच) में यह मुकाम पाया था. इनके बाद केएल राहुल ने 93 पारियों (105 मैच), रजत पाटीदार ने 95 पारियों (101 मैच), यशस्वी जायसवाल ने 102 पारियों (106 मैच), हरप्रीत सिंह ने 102 पारियों (108 मैच) और गुजरात टाइटंस के ही शुभमन गिल ने 103 पारियों (106 मैच) में अपने 3000 टी20 रन पूरे किए थे. इन सभी दिग्गजों के मुकाबले साई सुदर्शन की रफ्तार बेहद तेज और ऐतिहासिक रही है.


