Last Updated:
भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एक मात्र टेस्ट मैच से पहले उप कप्तानी पद से हटाया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक बीसीसीआई उनके प्रदर्शन से खुश नहीं है और चयनकर्ता इस जिम्मेदारी से पंत को फ्री करना चाहते हैं.
ऋषभ पंत को चयनकर्ता टेस्ट की उप कप्तानी से हटा सकते हैं
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले ऋषभ पंत को टेस्ट उपकप्तानी से हटाने पर विचार कर रहा है. पीटीआई के मुताबिक चयनकर्ता मंगलवार (19 मई) को गुवाहाटी में अफगानिस्तान सीरीज के लिए टेस्ट और वनडे टीम का चयन करने के लिए मिलेंगे. इस बैठक में पंत के भविष्य को लेकर चर्चा होगी. यह एकमात्र टेस्ट 6 से 10 जून के बीच खेला जाएगा. इसके बाद तीन वनडे 14, 17 और 20 जून को होंगे.
रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ लगातार खराब सीजन के बाद बोर्ड ने पंत की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा खो दिया है. एलएसजी ने आईपीएल 2025 में सातवां स्थान हासिल किया था. 2026 में अब तक 12 मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ दसवें स्थान पर है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पिछले नवंबर गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट के दौरान पंत की कप्तानी से बीसीसीआई ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ था. उन्हें नियमित कप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद टीम की कमान दी गई थी.
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि चिंता इस बात को लेकर है कि अतिरिक्त जिम्मेदारी का पंत पर क्या असर पड़ रहा है. सूत्र ने यह भी कहा कि देश एक ऐसे खिलाड़ी को नहीं खो सकता, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टेस्ट मैच का रुख बदल सकता है. इस सूत्र के मुताबिक, बीसीसीआई का मानना है कि जब पंत पर कप्तानी की जिम्मेदारी होती है, तो उनकी बल्लेबाजी पर असर पड़ता है. ऐसे में चयनकर्ता उन्हें ज्यादा आजादी के साथ खेलने देना चाहेंगे.
वनडे में अब दूसरा विकेटकीपर नहीं?
पीटीआई की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वनडे टीम में पंत की जगह भी तय नहीं है. वह 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में दूसरे विकेटकीपर थे. चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 ओवर के मैचों से बाहर हो गए थे. इसकी वजह उनकी खराब फॉर्म मानी जा रही है. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 11 पारियों में सिर्फ 251 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 138.67 रहा है. पहले भी ऐसी खबरें आई थीं कि चयनकर्ता दूसरे विकेटकीपर के तौर पर फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को देख सकते हैं, जबकि पहली पसंद केएल राहुल ही रहेंगे.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


