Last Updated:
Purnia Dairy Farming Success Story: पूर्णिया जिला के ठाडा ग्राम निवासी गोपाल कुमार दास ने पिता से 4000 रुपये का कर्ज लेकर गौपालन की शुरुआत की थी. आज वह 20 से अधिक गायों के मालिक हैं. सालाना 5 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं.
Purnia Dairy Farming Success Story: कहते हैं कि अगर इंसान के अंदर कुछ करने का जज्बा हो तो मुश्किल हालात भी उसके रास्ते नहीं रोक सकते. बेरोजगारी और आर्थिक तंगी कई बार इंसान को कुछ नया करने की प्रेरणा देती है. ऐसा ही कुछ पूर्णिया के हरदा पंचायत के ठाढ़ा गांव निवासी गोपाल कुमार दास के साथ हुआ. पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उन्हें नौकरी नहीं मिली. घर में खाली बैठकर समय बिताना मुश्किल होने लगा तो उन्होंने रोजगार का नया रास्ता तलाशा. पिता से महज ₹4000 कर्ज लेकर एक गाय खरीदी और गौपालन शुरू कर दिया. आज उनके पास 20 से अधिक गायें हैं. इस व्यवसाय से वह सालाना करीब ₹5 लाख तक का मुनाफा कमा रहे हैं.
बेरोजगारी ने दिखाई गौपालन की राह
गोपाल कुमार दास ने News18 Local से खास बातचीत में बताया कि उन्होंने वर्ष 1990 में मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह रोजगार की तलाश में थे. लेकिन नौकरी नहीं मिलने के कारण घर पर ही रहना पड़ता था. खाली बैठने के कारण उनका मन भी नहीं लगता था. परिवार की आर्थिक जरूरतों और अपनी कमाई शुरू करने की इच्छा ने उन्हें कुछ अलग करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने बताया कि इसी दौरान उन्होंने गौपालन शुरू करने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने अपने पिता से ₹4000 कर्ज लिए और उससे एक गाय खरीद ली. शुरुआत में उनके पास सिर्फ एक गाय थी. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इस काम को आगे बढ़ाया. अपनी मेहनत और अनुभव के दम पर आज उन्होंने 20 से अधिक गायों का गौशाला तैयार कर लिया है.
दूध के साथ गोबर से भी हो रही कमाई
गोपाल कुमार दास ने बतलाया कि उनके पास अभी 20 से अधिक गायें हैं. इनमें कई गायें दूध देती हैं. गायों के दूध की बिक्री से उन्हें अच्छी आमदनी होती है. इसके अलावा वह गाय के गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार करते हैं. उसे बेचकर अतिरिक्त कमाई करते हैं. इस तरह गौपालन उनके लिए कमाई के दो बड़े साधन बन गया है. उनका कहना है कि दूध और वर्मी कंपोस्ट की बिक्री से सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें सालाना करीब ₹5 लाख तक का मुनाफा हो जाता है.
सुबह 4 बजे से शुरू हो जाती है गौसेवा
गोपाल कुमार दास बताते हैं कि गौपालन केवल कमाई का जरिया नहीं है. बल्कि इससे उन्हें मानसिक संतुष्टि और शारीरिक सक्रियता भी मिलती है. वह रोजाना सुबह 4 बजे ही उठकर गायों की सेवा में जुट जाते हैं. उनके खाने-पीने से लेकर साफ-सफाई और देखभाल तक की जिम्मेदारी खुद संभालते हैं. उनका कहना है कि गौसेवा से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है. धार्मिक मान्यताओं में भी गाय की सेवा को विशेष महत्व दिया गया है.
बिना ट्रेनिंग के अनुभव से खड़ा किया कारोबार
गोपाल कुमार दास ने बताया कि उन्होंने गौपालन के लिए कोई विशेष प्रशिक्षण नहीं लिया था. शुरुआत में जो कुछ समझ में आया उसके आधार पर काम शुरू किया. धीरे-धीरे अनुभव बढ़ता गया. उन्होंने गायों की देखभाल, दूध उत्पादन और गोबर से खाद तैयार करने के तरीके सीखे.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
