Last Updated:
Jimikand Sabzi Recipe: सर्दियों में स्वाद और सेहत का मजा लेना है तो घर पर बनाएं जमीकंद की मसालेदार सब्जी. सूरन के नाम से मशहूर जमीकंद फाइबर और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है. जानिए ढाबा संचालक किशन लाल की बताई आसान रेसिपी, जिसे रोटी, पराठे और बाटी के साथ परोसकर खाने का स्वाद बढ़ा सकते हैं.
भीलवाड़ा. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोगों के खानपान में भी बदलाव आने लगता है. ठंड के दिनों में हर कोई ऐसा भोजन पसंद करता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ऊर्जा भी दे. इस मौसम में हरी सब्जियों के साथ कई ऐसी पारंपरिक सब्जियां भी खाने में शामिल की जाती हैं, जो स्वाद और पौष्टिकता दोनों के लिहाज से खास होती हैं. ऐसी ही एक सब्जी है जमीकंद, जिसे सूरन के नाम से भी जाना जाता है. जमीन के अंदर उगने वाली जमीकंद की सब्जी अपने खास स्वाद और बनावट के लिए पहचानी जाती है. इसे मसालेदार ग्रेवी के साथ तैयार किया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि जमीकंद की सब्जी रोटी, पराठे और चावल के साथ तो स्वादिष्ट लगती ही है, लेकिन बाटी के साथ इसका जायका कुछ अलग ही होता है.
आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी. भीलवाड़ा के ढाबा संचालक किशन लाल के अनुसार, जमीकंद में फाइबर, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है. इसकी खास बनावट और स्वाद इसे दूसरी सब्जियों से अलग बनाते हैं. सर्दियों में इसे अपने खानपान का हिस्सा बनाया जा सकता है. अच्छी तरह मसालों के साथ पकाने पर इसकी सब्जी बेहद स्वादिष्ट बनती है.
जमीकंद की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए 500 ग्राम जमीकंद, दो बारीक कटे प्याज, दो टमाटर, एक चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच हल्दी, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक, थोड़ा गरम मसाला, हरा धनिया और जरूरत के अनुसार तेल लें. सबसे पहले जमीकंद को अच्छी तरह धोकर छील लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसे काटते समय हाथों में खुजली से बचने के लिए हाथों पर तेल लगा सकते हैं या दस्तानों का इस्तेमाल कर सकते हैं. अब कटे हुए टुकड़ों को नमक और हल्दी मिले पानी में अच्छी तरह उबाल लें. इसके बाद पानी निकालकर जमीकंद के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तेल में तल लें या कम तेल में भून लें.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ देर पकाएं. अब इसमें कटे हुए टमाटर डालकर अच्छी तरह गलने दें. इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर मसाले को धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें. जब मसाला तेल छोड़ने लगे तो इसमें पहले से उबले और तले हुए जमीकंद के टुकड़े डाल दें. सभी टुकड़ों को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं. अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकने दें, ताकि मसालों का स्वाद जमीकंद में अच्छी तरह समा जाए. आखिर में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. इस तरह तैयार हो जाएगी स्वादिष्ट और मसालेदार जमीकंद की सब्जी. इसे गरमा-गरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोस सकते हैं. वहीं अगर इसे दाल-बाटी के साथ परोसा जाए तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाएगा. सर्दियों में कुछ नया और चटपटा खाने का मन हो तो यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
