Last Updated:
vaibhav sooryavanshi Most sixes in an IPL season: वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के नए ‘सिक्सर किंग’ बन गए हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन का 43वां छक्का जड़कर उन्होंने अभिषेक शर्मा के 16 मैचों में 42 छक्कों के रिकॉर्ड को महज 12 मैचों में ध्वस्त कर दिया. इसके साथ ही वह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ने वाले वैभव की नजरें अब क्रिस गेल के 59 छक्कों के ऑलटाइम रिकॉर्ड पर हैं.
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में जब भी किसी युवा खिलाड़ी के उदय की कहानी लिखी जाएगी, 17 मई 2026 का दिन उसमें सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा. केवल 15 साल की उम्र में, जहां अधिकांश बच्चे बोर्ड परीक्षाओं और भविष्य की तैयारियों में उलझे होते हैं, वहां बिहार से आने वाले अद्भुत खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के इतिहास में अपना नाम हमेशा-हमेशा के लिए अमर कर दिया है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने वो कर दिखाया, जिसकी कल्पना किसी ने सीजन की शुरुआत में नहीं की थी. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए इस युवा खब्बू बल्लेबाज ने एक आईपीएल सीजन में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
इस मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तीन छक्कों की दरकार थी. अभिषेक ने साल 2024 के सीजन में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचाते हुए 16 मैचों में कुल 42 छक्के जड़े थे. वैभव ने इस सीजन में जिस तरह की आक्रामक क्रिकेट खेली है, उसे देखते हुए यह रिकॉर्ड रविवार को ही टूटना तय लग रहा था, और हुआ भी ऐसा ही.
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पारी के पांचवें ओवर में वैभव अपने पूरे रंग में नजर आए. गेंदबाजी मोर्चे पर थे त्रिपुरणा विजय. वैभव ने इस ओवर की आखिरी गेंद यानी छठी गेंद पर जैसे ही बल्ले का मुंह खोला, गेंद सीमा रेखा के पार जाकर गिरी. यह उनके बल्ले से निकला रात का तीसरा और इस सीजन का 43वां छक्का था. इसके साथ ही वैभव ने अभिषेक शर्मा के 42 छक्कों के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया.
सिर्फ 12 मैचों में किया यह कमाल
वैभव सूर्यवंशी की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अभिषेक शर्मा के रिकॉर्ड को न सिर्फ तोड़ा, बल्कि इसके लिए बहुत कम मैच भी लिए. अभिषेक ने जहां 42 छक्के लगाने के लिए 16 मुकाबले खेले थे, वहीं वैभव ने इस सीजन में महज 12 मैचों में ही 43 छक्के पूरे कर लिए हैं. वह फिलहाल आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं. यह आंकड़ा वैभव की निरंतरता और उनकी बेखौफ बल्लेबाजी शैली को दर्शाता है. गेंदबाजों के नाम या उनके अनुभव से बेफिक्र होकर वैभव ने इस साल हर मैदान पर गेंद को बाउंड्री के बाहर का रास्ता दिखाया है.
दिग्गजों को छोड़ा पीछे
इस ऐतिहासिक छक्के के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने भारत के कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में अब वैभव 43 छक्कों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि अभिषेक शर्मा 2024 के अपने 42 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. तीसरे स्थान पर श्रेयस अय्यर का नाम आता है. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिछले साल यानी 2025 के सीजन में पंजाब की फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए 17 मैचों में 39 छक्के लगाए थे. विराट कोहली भी वैभव से पीछे हैं.कोहली ने अपने ऐतिहासिक 2016 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 38 छक्के लगाए थे, और फिर 2024 में भी उन्होंने 15 मैचों में 38 छक्के जड़े थे. मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने भी साल 2025 में 16 मैचों में 38 छक्के लगाए थे.
इनके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने साल 2018 में 14 मैचों में 37 छक्के लगाए थे. दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक शर्मा इस साल यानी 2026 में भी शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने अब तक 12 मैचों में 37 छक्के लगा दिए हैं, लेकिन वैभव फिलहाल उनसे काफी आगे निकल चुके हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के शिवम दुबे भी साल 2023 में 16 मैचों में 35 छक्के लगा चुके हैं. इन सभी बड़े नामों के बीच 15 साल के वैभव का सबसे ऊपर होना भारतीय क्रिकेट के बदलते स्वरूप को बयां करता है.
क्या ‘यूनिवर्स बॉस’ का रिकॉर्ड खतरे में है?
भले ही वैभव ने भारतीयों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया हो, लेकिन आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का सर्वकालिक रिकॉर्ड आज भी ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम है. वेस्टइंडीज के इस महान बल्लेबाज ने साल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए महज 15 मैचों में 59 छक्के जड़ दिए थे. आईपीएल के इतिहास में अब तक केवल दो ही ऐसे बल्लेबाज हुए हैं जिन्होंने एक सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा किया है. राजस्थान रॉयल्स के लिए अभी इस सीजन में आगे के मैच बचे हुए हैं, ऐसे में क्रिकेट पंडितों और प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी इस साल 50 छक्कों के उस एलीट क्लब में शामिल हो पाएंगे. जिस अंदाज में वह खेल रहे हैं, उसे देखकर यह मुश्किल नहीं लगता. वैभव की यह पारी सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की शुरुआत है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


