Last Updated:
KESCO ने कानपुर के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शहरभर में मेगा कैंप शुरू किए हैं, जो 30 जून तक अलग-अलग सब स्टेशनों पर लगाए जाएंगे. इन कैंपों में गलत बिजली बिल, मीटर रीडिंग, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा. नेहा जैन ने बताया कि गर्मी में बेहतर बिजली सप्लाई बनाए रखने के लिए ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर और फॉल्ट रिस्पॉन्स टीमें भी तैयार रखी गई हैं.
कानपुर: शहर के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी की ओर से शहर में मेगा कैंप लगाने की शुरुआत कर दी गई है. ये कैंप कानपुर के अलग-अलग सब स्टेशनों पर 30 जून तक चलेंगे. इन कैंपों में बिजली बिल, मीटर रीडिंग, गलत बिल, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा. केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने बताया कि पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं की ओर से बिलिंग से जुड़ी कई शिकायतें सामने आ रही थीं. किसी को गलत बिल मिल रहा था तो किसी का बिल समय पर नहीं पहुंच रहा था. कई लोग मीटर रीडिंग और बिल सुधार को लेकर परेशान थे. इन्हीं समस्याओं को देखते हुए शहरभर में विशेष कैंप लगाने का फैसला लिया गया है.
केस्को और जीनस कंपनी के एक्सपर्ट रहेंगे मौजूद
एमडी ने बताया कि इन कैंपों में केस्को कर्मचारियों के साथ जीनस कंपनी के विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे. उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर सीधे कैंप में पहुंच सकते हैं, जहां उनकी समस्या की जांच कर तुरंत समाधान किया जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी उपभोक्ता को बेवजह परेशान न किया जाए और शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो.उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल नंबर अपडेट कराने की भी अपील की. उनका कहना है कि मोबाइल नंबर अपडेट रहने से उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल और जरूरी जानकारी मिलती रहेगी. इससे बिल जमा करने में भी आसानी होगी और अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सकेगा.
गर्मी में बेहतर बिजली सप्लाई देने की तैयारी
तेज गर्मी और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए केस्को ने अपनी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं. नेहा जैन ने बताया कि शहर में लगातार बिजली सप्लाई बनाए रखने के लिए ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर तैयार रखे गए हैं. इसके साथ ही कम से कम शटडाउन लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को बिजली कटौती की परेशानी कम हो.उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में बिजली के खंभे जर्जर हालत में थे, वहां नए खंभे लगाए जा चुके हैं. इसके अलावा 1912 समेत अन्य टोल फ्री नंबर लगातार सक्रिय हैं. अगर कहीं फॉल्ट या बिजली खराब होने की शिकायत मिलती है तो एसडीओ से लेकर गैंगमैन तक की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर रही है.
जरूरत के हिसाब से करें बिजली का इस्तेमाल
केस्को एमडी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग बेवजह बिजली खर्च न करें. जितनी जरूरत हो उतनी ही बिजली का उपयोग करें. इससे बिजली व्यवस्था पर दबाव कम रहेगा और सभी उपभोक्ताओं को बेहतर सप्लाई मिल सकेगी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


