Last Updated:
WTC Points Table: पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जीत के साथ ही बांग्लादेश ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगा दी. बांग्लादेशी टीम पॉइंट्स टेबल में अब भारत से आगे पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. टीम इंडिया छठे नंबर पर है. टेबल में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले स्थान पर है.
WTC टेबल में 5वें नंबर पर पहुंची बांग्लादेशी टीम
नई दिल्ली: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट मैच में हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन के पॉइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगाई है. WTC 2025-27 के इस सत्र में अब बांग्लादेश की टीम 58.33 पीसीटी के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है. इस मामले में बांग्लादेशी टीम ने भारत को पीछे छोड़ा है. WTC के इस सत्र में बांग्लादेश ने अब तक कुल 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसने 2 में जीत हासिल की है. बांग्लादेश को ये दोनों जीत पाकिस्तान के खिलाफ मिली है. वहीं उसका एक मैच ड्रॉ और उसे एक में हार मिली है.
वहीं, भारतीय टीम की बात करें तो वह WTC के पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर आ गई है. इस सत्र में भारतीय टीम कुल 9 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे सिर्फ 4 में जीत मिली और 4 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है. इस तरह अब भारत के बांग्लादेश से कम 48.32 पीसीटी हो गए हैं. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 8 टेस्ट में से 7 जीत के साथ पहले स्थान पर है. ऑस्ट्रेलिया के पास 87.50 पीसीटी है. ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड की टीम दूसरे स्थान पर है. न्यूजीलैंड के तीन मैचों में 77.78 पीसीटी है.
पाकिस्तान से आगे है भारतीय टीम
पहले दो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम अब एशियाई देशों की रैंकिंग में पाकिस्तान से ऊपर है. शुभमन गिल की अगुवाई वाली इस टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है. भारत अब अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा लेकिन यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है. भारतीय टीम को इस साल के आखिर में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जहां वह दो-दो टेस्ट मैच खेलेगी. उसे फिर 2027 में अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है.
भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि उसने इंग्लैंड में भी दो मैच गंवाए थे. गिल की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड में पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ की थी. टीम रैंकिंग अंकों से नहीं बल्कि डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में प्रतिशत अंकों के आधार पर तय की जाती है. 2025-2027 चक्र में बांग्लादेश के 28 अंक हैं जबकि भारत के 52 अंक हैं.
बांग्लादेश के सामने पाकिस्तान ने टेके घुटने
पाकिस्तान की टीम दूसरे टेस्ट मैच में 437 रन की लक्ष्य का पीछा करते हुए 358 रन पर आउट हो गई. पाकिस्तान मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में एक जीत और तीन हार के साथ आठवें स्थान पर है. ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा चक्र में अब तक आठ टेस्ट मैचों में सात जीत और एक हार दर्ज की है. वह 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है. न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है, जिसने तीन टेस्ट मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ के बाद 77.78 अंक प्राप्त किए हैं. दक्षिण अफ्रीका तीसरे और श्रीलंका चौथे स्थान पर है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


