Last Updated:
भारत WTC 2025-27 अंक तालिका में खिसक कर छठे स्थान पर आ गया है. नौ टेस्ट में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ भारत के 52 अंक हैं और PCT महज़ 48.15 का है. दूसरी तरफ, भारत के मुकाबले सिर्फ चार टेस्ट खेलने वाला बांग्लादेश 58.33 PCT के साथ भारत को पीछे छोड़ते हुए पांचवें स्थान पर पहुंच गया है.
WTC में पाकिस्तान ने भारत को फंसा दिया
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब इतिहास करवट लेता है, तो बड़े-बड़े सूरमाओं के सिंहासन डोल जाते हैं. कुछ ऐसा ही करिश्मा बांग्लादेश के ‘क्रिकेट टाइगर्स’ ने कर दिखाया है. पाकिस्तान को उसी के खेल में पछाड़कर, बांग्लादेश ने न सिर्फ एक ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज अपने नाम की है, बल्कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के समंदर में ऐसी लहर उठाई है जिसने भारतीय क्रिकेट खेमे में भी हलचल पैदा कर दी है. बांग्लादेश की इस ऐतिहासिक उड़ान ने जहां पाकिस्तान को अर्श से फर्श पर ला दिया, वहीं फाइनल की रेस में मजबूती से खड़ी टीम इंडिया को भी छठे पायदान पर धकेल कर बैकफुट पर ला खड़ा किया है।”
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया को लेकर जहां चर्चा बहुत तेज है वहीं लोग दबे मन से सवाल भी पूछ रहे है कि क्या हम क्रिकेट के सबसे पुराने फॉर्मेट में बंग्लादेश से भी खराब टीम बन चुके है. 6 महीने के बाद भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट के मोड में वापस लौटेगी पर ये तो साफ है कि शुभमन गिल युग की टेस्ट क्रिकेट रिपोर्ट काे नज़रअंदाज़ करना मुश्किल होता जा रहा है.
टेस्ट में बांग्लादेश से बदतर हालात
भारत WTC 2025-27 अंक तालिका में खिसक कर छठे स्थान पर आ गया है. नौ टेस्ट में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ भारत के 52 अंक हैं और PCT महज़ 48.15 का है. दूसरी तरफ, भारत के मुकाबले सिर्फ चार टेस्ट खेलने वाला बांग्लादेश 58.33 PCT के साथ भारत को पीछे छोड़ते हुए पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के पास इस साल श्रीलंका के ख़िलाफ़ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ में स्थिति सुधारने का मौका होगा. इस WTC चक्र में भारत नौ टेस्ट में चार हार झेल चुका है. बांग्लादेश ने हमसे आधे मैच खेले हैं और फिर भी अंक तालिका में फिलहाल भारत से ऊपर बैठा है. जो टीम पिछला WTC फाइनल तक नहीं खेल पाई, वही अब पिछले उपविजेता भारत से आगे निकल चुकी है.
भारतीय क्रिकेट के लिए राह आसान नहीं
भारत सिर्फ टॉप-2 की रेस से बाहर नहीं है, बल्कि अब मिड-टेबल की उस लड़ाई में फंस चुका है, जहाँ कभी वह बाक़ी टीमों को महज़ ‘कमज़ोर प्रतिद्वंदी’ मानकर हल्के में लिया करता था. अब अगली चुनौती श्रीलंका है और इस बार गलती की गुंजाइश लगभग खत्म हो चुकी है. WTC के पहले दो संस्करणों की फाइनलिस्ट रही भारतीय टीम के लिए अब फाइनल की राह थोड़ी कठिन हो गई है. भारत को आने वाले समय में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का दौरा करना है और उसके बाद 2027 में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है. लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल मैच की रेस में बने रहने के लिए भारत को अपनी आगामी टेस्ट सीरीज में लगातार और बड़ी जीत दर्ज करनी होगी.
About the Author

मैं, राजीव मिश्रा, वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट की योजना, संपादकीय रणनीति और एंकरिंग की जिम्मेदारी निभाता हूँ. खेल पत्रका…और पढ़ें


