Last Updated:
Mohammad Amir in IPL: मोहम्मद आमिर अब आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश नागरिक बन गए हैं. पाकिस्तान के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने खुद कन्फर्म किया कि उन्हें यूके की नागरिकता मिल गई है और पासपोर्ट भी जारी हो चुका है. इस खबर के बाद ही से ही उनके आईपीएल में खेलने की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं.
मोहम्मद आमिर को मिली ब्रिटिश नागरिकता.
नई दिल्ली. 2008 में खेले गए पहले आईपीएल सीजन के बाद से पाकिस्तानी क्रिकेटर्स दुनिया की इस सबसे बड़ी लीग का हिस्सा नहीं बने हैं. हालांकि, अब एक पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के अगले आईपीएल सीजन में खेलने की चर्चाएं हो रही हैं. दरअसल, यह क्रिकेटर और पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. चलिए जानते हैं कि आमिर आईपीएल में खेलने को लेकर क्यों सुर्खियों में हैं.
दरअसल, 34 साल के इस पाकिस्तानी क्रिकेटर को ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है. आमिर ने 20 मई 2026 को एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट करके खुद इस पुष्टि की. स्टोरी के मुताबिक उन्हें आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है और उनका यूके पासपोर्ट भी जारी हो चुका है. यूनाइटेड किंगडम में उनकी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं. इस खबर के आते ही सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. लाखों फैंस यह दावा कर रहे हैं कि यह स्टार गेंदबाज अब इंडियन प्रीमियर लीग के 2027 सीजन में एक धमाकेदार डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
क्या आमिर के लिए खुलेंगे आईपीएल के दरवाजे?
दरअसल, साल 2008 में हुए पहले सीजन के बाद उपजे राजनीतिक हालातों के कारण, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पाकिस्तानी नागरिकता वाले खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने पर रोक लगा दी थी, लेकिन जहां तक क्रिकेट बोर्ड्स का सवाल है, आमिर की कानूनी स्थिति अब पूरी तरह बदल चुकी है क्योंकि उनके पास ब्रिटिश पासपोर्ट है. उनकी पत्नी, नर्जिस खान, एक ब्रिटिश नागरिक हैं और सालों की कोशिशों के बाद आमिर को यूके में रहने की स्थायी अनुमति मिल गई है. अब आमिर को दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग्स के ड्राफ्ट में एक पाकिस्तानी क्रिकेटर के रूप में रजिस्टर्ड नहीं किया जाएगा, क्योंकि वे एक ब्रिटिश नागरिक बन चुके हैं. वे अब एक ‘विदेशी खिलाड़ी’ हैं, जो इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करते हैं.
एक खिलाड़ी ऐसे ही खेल चुका है
क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है. प्रतिबंध लागू होने के बाद भी पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद अपने ब्रिटिश पासपोर्ट की बदौलत पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले थे. अजहर ने 2012 से 2015 के बीच आईपीएल में कुल 23 मैच खेले थे. इसी तरह पाकिस्तान में जन्मे सिकंदर रजा भी आईपीएल में खेलते हैं, क्योंकि वे इंटरनेशनल लेवल पर जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करते हैं.
क्या आईपीएल 2027 में खेलेंगे आमिर?
सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि आमिर का आईपीएल 2027 में खेलना तय है. कहा यह भी जा रहा है कि उनकी आईपीएल में खेलने को लेकर बातचीत हुई है. हालांकि, यह सच नहीं है. सच यह है कि अभी तक किसी भी आईपीएल फ्रेंचाइजी ने उनसे कोई आधिकारिक संपर्क नहीं किया है और न ही बीसीसीआई ने उनके रजिस्ट्रेशन को लेकर कोई साफ बयान जारी किया है. माना जा रहा है कि आमिर दुनिया की इस सबसे बड़ी लीग में खेलने के लिए काफी उत्सुक हैं और अगले साल के लिए होने वाले ऑक्शन में नाम रजिस्टर करेंगे. यह तो बिल्कुल साफ है कि वह तभी इस लीग का हिस्सा बन पाएंगे, जब आईपीएल नियमों के तहत उनके ऑक्शन में शामिल होने या खेलने की मंजूरी मिलती है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


