Tomorrow Weather: अप्रैल के दूसरे हफ्ते के अंत दिल्ली, पंजाब हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश (यूपी), बिहार बंगाल और गुजरात से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग की मानें तो भीषण गर्मी की शुरुआत होने वाली है. कहीं-कहीं तो पारा 40 के पार जाने की संभावना है. उत्तर भारत के लोग सूरज की तपिश से झुलसने को तैयार हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों में आसमान से बरसती आफत ने चिंता बढ़ा रही है. मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को मौसम का खतरनाक रूप देखने को मिलेगा.
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन ये तो बस शुरुआत था. IMD के मुताबिक, बुधवार तक दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि, गुरुवार को आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, 20 अप्रैल के बाद फिर दिल्ली के आसमान से आग बरसने की संभावना है. तेज धूप के कारण लू जैसे हालात बन सकते हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक हफ्ते में तापमान में 6 से 7 डिग्री की भारी बढ़त देखी जाएगी.
मौसम का बिगड़ रहा है मिजाज.
धूल भरी आंधी और तेज हवाएं
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 से 14 अप्रैल के दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंकों के साथ 40 किलोमीटर) की रफ्तार से ‘स्ट्रॉन्ग सरफेस विंड्स’ चलने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में 14 से 18 अप्रैल के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में नमी बढ़ेगी.
मूसलाधार बारिश और तूफान का अलर्ट
आईएमडी ने पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. असम और मेघालय में 13 से 15 अप्रैल के बीच बारिश के साथ और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका है. अरुणाचल प्रदेश में भी 14, 15 और 18 अप्रैल को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट है.
बढ़ने लगा है पारा
अभी से मौसम का पार चढ़ने लगा है. मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात, महाराष्ट्र और विदर्भ के तापमान में भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि यहां अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने वाली है. गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में लू (Heatwave) चलने की संभावना जताई है. महाराष्ट्र और विदर्भ 15 अप्रैल तक तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी.
साउथ में उमस और हल्की राहत
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा (Hot and Humid) बना रहेगा. स्काईमेट वेदर के महेश पालावत के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और आसमान साफ होने के कारण धूप का असर सीधा पड़ रहा है. वहीं मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने चेतावनी दी है कि अगले हफ्ते तक देश के कई शहरों में पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है.
दिल्ली-NCR में गर्मी का कब से शुरू हो रहा है. अधिकतम पारा कितने डिग्री तक जा सकता है?
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में गर्मी का असली अटैक बुधवार से शुरू होगा, पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा. शुक्रवार तक तापमान 41 से 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तर भारत में जब आग बरसेगी, तब पूर्वोत्तर भारत में कैसा मौसम होगा?
जहां उत्तर भारत लू से झुलसेगा, वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) में बारिश का अलर्ट है.13 से 18 अप्रैल के बीच इन राज्यों में बिजली गिरने, गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने और 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की आशंका है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.
दिल्ली के अलावा और कौन से राज्य में ‘लू’ चलने की संभावना है?
दिल्ली के साथ-साथ गुजरात (सौराष्ट्र और कच्छ) में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा, मध्य प्रदेश में तापमान 3-5 डिग्री और महाराष्ट्र व विदर्भ में 2-3 डिग्री तक बढ़ेगा. उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 किलोमीचर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी और गर्म हवाएं चलेंगी.
मौसम में इस अचानक आए जानलेवा बदलाव की असली वजह क्या है?
मौसमी एक्सपर्ट के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और आसमान पूरी तरह साफ होने की वजह से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर वार कर रही हैं. इससे बचने के लिए डॉक्टरों ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, शरीर को पूरी तरह ढककर रखने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है.


