Last Updated:
CSK eliminated from IPL 2026: आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से करारी शिकस्त दी. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 229 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में चेन्नई की टीम महज 140 रनों पर ढेर हो गई. इस हार के साथ ही सीएसके इतिहास में पहली बार लगातार तीसरे सीजन (2024, 2025, 2026) प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है. मैच के दौरान सीएसके के गेंदबाज अंशुल कंबोज ने सीजन में रिकॉर्ड 34 छक्के लुटाने का अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
गुजरात टाइटंस की 14 मैचों में नौवीं जीत है और उसके 18 अंक हो गए हैं.
नई दिल्ली. शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त देकरआईपीएल से बाहर कर दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 229 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था. जवाब में 230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 13.4 ओवरों में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस शर्मनाक हार के साथ ही आईपीएल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरे सीजन (2024, 2025 और 2026) में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही हो, जो सीएसके के प्रशंसकों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. गुजरात के 14 मैचों में 9 जीत के साथ 18 अंक हो गए और वह पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है जबकि सीएसके की 14 मैचों में यह आठवीं हार है.
चेन्नई की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही, जहां स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन और विकेटकीपर उर्विल पटेल खाता खोले बिना ही मोहम्मद सिराज का शिकार बने. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 7 गेंदों में 16 रन और मैथ्यू शॉर्ट ने 14 गेंदों में 24 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके। मध्यक्रम में शिवम दुबे ने जरूर 17 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 47 रनों की आतिशी पारी खेली और अंत में अंशुल कंबोज ने भी 8 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार गिरते विकेटों के कारण यह प्रयास नाकाफी साबित हुआ. गुजरात की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज (3 विकेट), कगीसो रबाडा (3 विकेट) और राशिद खान (3 विकेट) ने घातक प्रदर्शन करते हुए चेन्नई के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी और अपनी टीम को एकतरफा जीत दिला दी.
गुजरात टाइटंस की 14 मैचों में नौवीं जीत है और उसके 18 अंक हो गए हैं.
गिल-सुदर्शन की शतकीय साझेदारी, गुजरात ने 4 विकेट पर 229 रन बनाए
ओपर साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 4 विकेट पर 229 रन बनाए. सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और गिल (64 रन, 37 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. सुदर्शन ने जोस बटलर (नाबाद 57 रन, 27 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 82 रन की साझेदारी की.
मुकेश-जॉनसन और अंशुल को एक एक विकेट
सुपरकिंग्स की ओर से मुकेश चौधरी (36/1), स्पेंसर जॉनसन (47/1) और अंशुल कंबोज (56/1) ने एक-एक विकेट चटकाया. सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर टाइटंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया जिसके बाद गिल और सुदर्शन ने पावर प्ले में बिना विकेट के 62 रन जोड़कर टीम को प्रभावी शुरुआत दिलाई. गिल ने मुकेश चौधरी पर चौके के साथ खाता खोला जबकि स्पेंसर जॉनसन पर दो चौके मारे. सुदर्शन ने भी मुकेश की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए. सुदर्शन ने अंशुल कंबोज का स्वागत चौके के साथ किया जबकि गिल ने इस तेज गेंदबाज पर पारी का पहला छक्का मारा.
गिल ने सीजन का चौथा अर्धशतक पूरा किया
गिल ने नूर अहमद पर दो छक्कों के साथ सिर्फ 23 गेंद में मौजूदा सत्र का चौथा अर्धशतक पूरा किया. सुदर्शन ने कंबोज पर चौका और छक्का जड़ा और फिर शिवम दुबे पर चौके के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. सुदर्शन ने नूर की गेंद पर एक रन के साथ 35 गेंद में लगातार पांचवां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया. गिल हालांकि इसके बाद जॉनसन की गेंद को हवा में लहराकर दुबे को आसान कैच दे बैठे. बटलर ने आते ही जॉनसन पर चौका और नूर पर दो छक्के मारे. सुदर्शन ने गुरजपनीत पर छक्के और बटलर ने चौके के साथ 18वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया. सुदर्शन ने अगले ओवर में कंबोज पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर मैथ्यू शॉर्ट को कैच दे बैठे. बटलर ने कंबोज पर लगातार दो चौकों के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


