Last Updated:
चेन्नई सुपर किंग्स की जान पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए 2026 का सीजन उनके करियर का आखिरी इंडियन प्रीमियर लीग करियर टूर्नामेंट माना जा रहा था. फैंस अपने सुपर स्टार को खेलते देखने के लिए बेकरार थे लेकिन वो बिना कोई मैच खेले ही रह गए. उन्होंने चोट की वजह से पूरा सीजन मिस कर दिया.
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार धोनी बिना एक भी मैच खेले लौटे.
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि महेंद्र सिंह धोनी ने एक सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के सभी लीग मैचों को मिस कर दिया. यह बात न सिर्फ दिल तोड़ने वाली है, बल्कि यह सीएसके कैंप में एक बड़े बदलाव की ओर भी इशारा करती है. ये बता रही है कि अब धोनी युग का अंत हो चुका है और फैंस उनके बिना ही चेन्नई को खेलते देखने का आदत डाल ले. धोनी आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी चेन्नई के लिए मुकाबला खेलने नहीं उतरे.
इस मुकाबले से पहले बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बता दिया था कि धोनी अंगूठे की चोट के कारण जीटी के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे. हसी ने बुधवार शाम अहमदाबाद में पत्रकारों से कहा, “मैं पुष्टि कर सकता हूं कि वह टीम के साथ नहीं हैं, लेकिन अगर हम क्वालीफाई कर लेते हैं, तो वह निश्चित रूप से टीम के साथ जुड़ जाएंगे. उनके अंगूठे में थोड़ी तकलीफ है, जो अब ठीक हो रही है, लेकिन वह इस मैच के लिए तैयार नहीं हैं,”
आईपीएल 2026 से पहले एमएस धोनी ने अपने पूरे आईपीएल करियर में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ पांच मैच ही मिस किए थे. इनमें से तीन 2010 में हुए थे. दिल्ली डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ. बाकी दो 2019 में थे, जब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (पीठ में खिंचाव) और मुंबई इंडियंस (बुखार) के खिलाफ मैच नहीं खेले थे.
2020 के बाद से धोनी ने हर उस मैच में हिस्सा लिया जिसमें वह उपलब्ध थे. साल 2021 और 2023 में सीएसके को खिताब भी दिलाया. उन्होंने 2025 सीजन के सभी 14 मैच भी खेले. उनके आईपीएल सफर में सिर्फ 2016 और 2017 में खलल पड़ी थी. तब सीएसके सस्पेंड थी और वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए वो खेलने उतरे थे.
इस बीच, बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने इशारा किया था कि अगर सीएसके प्लेऑफ में पहुंचती है तो धोनी वापसी कर सकते हैं. हसी ने कहा, “उम्मीद है, अगर हम प्लेऑफ में पहुंच जाते हैं, तो वह ठीक हो जाएंगे,”
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


