नई दिल्ली. पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ऑस्ट्रेलिया की टीम की मेजबानी करने के लिए तैयार है. 30 मई से 4 जून तक रावलपिंडी और लाहौर में यह सीरीज खेली जाएगी. शाहीन शाह अफरीदी टीम के कप्तान बने रहेंगे जबकि सलमान अली आगा को उपकप्तान बनाया गया है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने सीनियर खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है. इस टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है. पूर्व कप्तान बाबर आजम, हारिस रऊफ, नसीम शाह, शादाब खान और सुर्फयान मोकीम शामिल हैं. ये सभी खिलाड़ी मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेले थे.
बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग में जमाया एक और शतक
पाकिस्तान टीम:
शाहीन शाह अफरीदी, सलमान अली आगा, अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सादाकत, मुहम्मद ग़ाज़ी घोरी, नसीम शाह, रोहेल नजीर, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमायल हुसैन और सुर्फयान मोकीम
अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास और रोहेल नजीर ऐसे तीन खिलाड़ी हैं जिन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया है. इस सीरीज में इन खिलाड़ियों को अपना वनडे डेब्यू करने का मौका मिल सकता हैं. सलमान अली आगा, अब्दुल समद, अबरार अहमद, माज सादाकत, मुहम्मद गाजी घोरी, साहिबजादा फरहान और शमायल हुसैन ने बांग्लादेश सीरीज में खेलने के बाद अपनी जगह बरकरार रखी है. मुहम्मद गाजी घोरी और रोहेल नजीर को टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना गया है. उस्मान खान बीमार होने की वजह से उपलब्ध नहीं हैं.
यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान में द्विपक्षीय वनडे दौरे की पहली सीरीज होगी. पिछली बार 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने दौरा किया था. मेजबान पाकिस्तान ने 2-1 से सीरीज जीती थी. इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान ने लाहौर में ऑस्ट्रेलिया को टी20 सीरीज में 3-0 से हराया था. आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप अगले साल होने वाला है. ऐसे में यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी टीम कॉम्बिनेशन को बेहतर करने का अच्छा मौका है.
ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान दौरे का कार्यक्रम:
पहला वनडे: 30 मई, रावलपिंडी
दूसरा वनडे: 2 जून, लाहौर
तीसरा वनडे: 4 जून, लाहौर


