Last Updated:
FMGE 2026 Exam Details: विदेश से एमबीबीएस करने वालों के लिए एफएमजीई 2026 की एडिट विंडो फिर से खोली गई है. जानिए क्या है एफएमजीई परीक्षा, कौन इसके लिए योग्य है, पासिंग मार्क्स और इस साल की जरूरी तारीखों का पूरा लेखा-जोखा.
FMGE 2026 Exam Date: एफएमजीई परीक्षा 28 जून 2026 को होगी
नई दिल्ली (FMGE 2026 Exam Details). विदेशों से मेडिकल की पढ़ाई करके भारत लौटने वालों के लिए बेहद महत्वपूर्ण खबर है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने एफएमजीई परीक्षा के लिए फाइनल एडिट विंडो ओपन कर दी है. जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है और उनके फॉर्म में कोई गलती या डॉक्यूमेंट अपलोड करने में चूक हो गई है, वे ऑफिशियल वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर इसे तुरंत सुधार सकते हैं.
What is FMGE Exam: क्या है एफएमजीई परीक्षा?
एफएमजीई का फुल फॉर्म Foreign Medical Graduate Examination (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) है. इसे ‘स्क्रीनिंग टेस्ट’ भी कहा जाता है. राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBEMS) साल में 2 बार (आमतौर पर जून और दिसंबर में) इस परीक्षा को आयोजित करता है. इसका सीधा मकसद यह जांचना है कि विदेश से पढ़कर आए डॉक्टरों का मेडिकल ज्ञान भारत के मानकों के मुताबिक है या नहीं. इसे पास किए बिना कोई भी विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट भारत में डॉक्टर के रूप में रजिस्ट्रेशन या प्रैक्टिस नहीं कर सकता.
FMGE Eligibility Criteria 2026: एफएमजीई कौन दे सकता है?
यह परीक्षा हर वो भारतीय नागरिक या ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) दे सकता है, जिसने भारत से बाहर किसी विदेशी मेडिकल कॉलेज से अपनी MBBS या समकक्ष डिग्री पूरी की है. इसके लिए जरूरी है कि छात्र के पास उस देश का प्राइमरी मेडिकल क्वॉलिफिकेशन सर्टिफिकेट हो और उनका कॉलेज नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा मान्यता प्राप्त हो. इसके अलावा, उम्मीदवारों को अपनी डिग्री पूरी होने का एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट भी जमा करना होता है.
एफएमजीई परीक्षा का पैटर्न और पासिंग मार्क्स
एफएमजीई परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड (CBT) होती है. इसमें कुल 300 मल्टीपल चॉइस सवाल (MCQs) पूछे जाते हैं. परीक्षा को दो शिफ्ट (150-150 सवाल) में बांटा जाता है. सबसे राहत की बात है कि इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होती. परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवार को 300 में से कम से कम 150 अंक (50%) हासिल करने होते हैं. भले ही इसमें नेगेटिव मार्किंग न हो, लेकिन इसका सिलेबस काफी ज्यादा होने के कारण इसे देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है.
2026 में एफएमजीई परीक्षा कब होगी?
इस साल के शेड्यूल के अनुसार, एफएमजीई परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब फाइनल एडिट विंडो लाइव की गई है. छात्र अपने क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके लॉगिन कर सकते हैं और फोटो, सिग्नेचर या थंब इम्प्रेशन जैसी कमियां ठीक कर सकते हैं. इसके बाद जून में इसके एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे और परीक्षा भी जून में ही आयोजित होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तारीखों के किसी भी अचानक बदलाव के लिए आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखें.
| एफएमजीई 2026 | तारीख |
| टेस्ट सिटी इंटिमेशन स्लिप | 17 जून 2026 |
| एफएमजीई 2026 एडमिट कार्ड | 24 जून 2026 |
| एफएमजीई 2026 परीक्षा तिथि | 28 जून 2026 |
| एफएमजीई 2026 रिजल्ट | 28 जुलाई 2026 |
फॉर्म सुधारने का आखिरी मौका
अगर एफएमजीई 2026 आवेदन पत्र में कोई त्रुटि रह गई है तो आधिकारिक वेबसाइट पर ‘FMGE 2026 Direct Link’ एक्टिव है. ध्यान रहे कि इस फाइनल विंडो के बंद होने के बाद बोर्ड किसी भी परिस्थिति में सुधार की अनुमति नहीं देगा. अगर डॉक्यूमेंट्स में गलती पाई गई तो एडमिट कार्ड रोक दिया जाएगा, जिससे आपकी सालभर की मेहनत बेकार हो सकती है.
About the Author

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें


