Last Updated:
why mi and rcb players weared black arm bands: मशहूर सिंगर आशा भोसले को श्रद्धाजंलि देने के मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और अंपायर बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे. दिग्गज गायिका आशा भोसले ने 12 अप्रैल को 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. उनके सम्मान में मैदान पर एक मिनट का मौन भी रखा गया.
खिलाड़ियों ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि.
नई दिल्ली. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हुए मैच में खिलाड़ी अपनी बाजू पर काली पट्टी बांधकर उतरे. दरअसल, खिलाड़ियों ने महान गायिका आशा भोसले जी को श्रद्धांजलि दी. मैच शुरू होने से पहले उनकी याद में कुछ पल का मौन भी रखा गया. 92 साल की आशा जी ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उन्हें शनिवार शाम को बहुत ज्यादा थकान और छाती में इन्फेक्शन की वजह से भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के अनुसार, मल्टी ऑर्गन फेलियर के चलते उनका निधन हुआ. उनके बेटे आनंद भोसले ने इस खबर की पुष्टि की.
टॉस गंवाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी. आरसीबी की पारी में स्टेडियम के साउंड सिस्टम पर मैच के दौरान मिलने वाले ब्रेक के समय आशा भोसले के गाए गए कई मशहूर गाने बजाए गए. भारतीय क्रिकेट जगत ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कालजयी आवाज कभी फीकी नहीं पड़ेगी और उनकी धुनें हमेशा गूंजती रहेंगी.
खिलाड़ियों ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि.
आशा भोसले को शनिवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका. उनका अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा. आशा भोसले, अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर के साथ भारतीय क्रिकेट की बहुत बड़ी प्रशंसक और समर्थक रहीं. क्रिकेट जगत ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर महान गायिका को श्रद्धांजलि दी, जिनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली सुरीली आवाज ने 7 दशकों से भी अधिक समय तक उन्हें सुकून दिया है.
बदलाव के साथ उतरी दोनों टीमें
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस दो बदलावों के साथ मैदान पर उतरी. मिचेल सेंटनर को अल्लाह गजनफर की जगह मौका दिया गया है, जबकि मयंक मारकंडे को दीपक चाहर के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है. वहीं, आरसीबी की टीम जोश हेजलवुड की जगह पर जैकब डफी के साथ मैदान पर उतरी है.
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे और जसप्रीत बुमराह के साथ इस मैच में खेल रही है.
दूसरी तरफ, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी और सुयश शर्मा के साथ यह मुकाबला खेल रही है.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


