Last Updated:
Vaibhav sooryavanshi news: वैभव सूर्यवंशी अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में नए ‘वंडर किड’ बनकर उभरे हैं. आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ 236.32 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 579 रन कूटे हैं, जिसमें रिकॉर्ड 53 छक्के शामिल हैं. उनकी इस अद्भुत प्रतिभा और निडर खेल को देख टीम इंडिया के पूर्व सेलेक्टर और विकेटकीपर किरण मोरे ने उनकी तुलना युवा सचिन तेंदुलकर से की है और उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया है.
वैभव सूर्यवंशी स्पेशल टैलेंट हैं.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट इतिहास में जब भी किसी युवा खिलाड़ी ने कम उम्र में धमाकेदार एंट्री की है, तो फैंस और दिग्गजों की उम्मीदें आसमान छूने लगती हैं. आज ठीक वैसा ही माहौल 15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को लेकर बना हुआ है. मैदान पर अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से विश्व स्तरीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वैभव इस समय भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े ‘टॉकिंग पॉइंट’ बन चुके हैं. उनकी उम्र भले ही महज 15 साल हो, लेकिन उनका बल्ला उन गेंदबाजों के खिलाफ गरज रहा है, जो उनसे उम्र और अनुभव में दोगुने बड़े हैं. वैभव का प्रभाव इतना गहरा है कि पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज और चयनकर्ता किरण मोरे को उनमें महान सचिन तेंदुलकर की छवि दिखाई देती है.
किरण मोरे (Kiran More) ने एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘जब मैंने पहली बार सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulakr) को देखा था, जो पहली बार भारतीय टीम में आए थे. तब वह एक महान गेंदबाज के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे, तो मैं तुरंत समझ गया था कि उनमें कुछ खास है. ऐसा ही कुछ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के साथ भी है. वह बेहद खास हैं.’ मोरे ने आगे कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि हमें ऐसा खिलाड़ी मिला है, जो आगे चलकर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेगा.उन्होंने कहा, ‘उन्हें उसी तरह खेलने दें जैसे वह खेल रहे हैं.भगवान ने उन्हें इसी खेल के लिए बनाया है और पूरी तरह तैयार करके भेजा है.’
वैभव सूर्यवंशी स्पेशल टैलेंट हैं.
आईपीएल में रनों की आंधी और रिकॉर्ड्स की बौछार
पिछले साल आईपीएल में डेब्यू करने के बाद से ही वैभव लगातार लाइमलाइट में हैं. उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी भारतीय द्वारा दो सबसे तेज शतक लगाने का कारनामा किया है. मैदान पर वह जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस और कागिसो रबाडा जैसे खूंखार गेंदबाजों के नाम और रूतबे से जरा भी नहीं डरते. वर्तमान में वह राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और ओवरऑल टूर्नामेंट में तीसरे नंबर पर हैं. उनके आंकड़े किसी का भी सिर चकराने के लिए काफी हैं. 13 पारियों में वह 579 रन बना चुके हैं जहां उनका औसत 44.53 रहा है जबकि स्ट्राइक रेट 236.32 रही है. इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं. आईपीएल के इस सीजन 53 छक्के जड़ चुके हैं जो किसी भारतीय का आईपीएल के एक सीजन में सबसे अधिक है.
वैभव का क्रिकेट करियर
ओवरऑल टी20 फॉर्मेट की बात करें तो वैभव ने 31 मैचों में 42.66 की औसत और 217.68 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 1,280 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 144 रन रहा है. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला सिर्फ घरेलू टी20 लीग में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जमकर बोला है. आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 में वह टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. उन्होंने 7 मैचों में 62.71 की बेहतरीन औसत और 169.49 के स्ट्राइक रेट से 439 रन कूटे, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 175 रन था. इस विश्व कप में उन्होंने 30 छक्के जड़कर दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस (2022 सीजन में 18 छक्के) के रिकॉर्ड को बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया. इसके साथ ही अब उनके नाम अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का सर्वकालिक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है.
रेड-बॉल क्रिकेट में सुधार की गुंजाइश
जहां एक तरफ वैभव ने सीमित ओवरों के क्रिकेट (टी20, लिस्ट ए और अंडर-19 वनडे) में रनों का अंबार लगा रखा है, वहीं रेड-बॉल (लाल गेंद) यानी लंबे फॉर्मेट में उन्हें अभी खुद को साबित करना बाकी है. उन्होंने अब तक 8 लाल गेंद के मैचों की 12 पारियों में केवल 17.25 की औसत से 207 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है. साफ है कि टी20 और वनडे में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले इस युवा बल्लेबाज को पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट के मिजाज को समझने में थोड़ा वक्त लगेगा. हालांकि, उनकी उम्र और प्रतिभा को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वह जल्द ही इस फॉर्मेट में भी अपनी तकनीक को मजबूत कर लेंगे.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


