Last Updated:
Pakistan Test Captain: पाकिस्तान क्रिकेट टीम में एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है. बांग्लादेश के हाथों टेस्ट सीरीज में मिली करारी और शर्मनाक हार के बाद अब कप्तानी पर गाज गिरना तय माना जा रहा है. खबरें हैं कि मौजूदा टेस्ट कप्तान शान मसूद की छुट्टी हो सकती है और उनकी जगह एक ऐसे खिलाड़ी को टेस्ट की कमान सौंपी जा सकती है, जिससे पहले टी20 की कप्तानी छीनी जा चुकी है.
सलमान आगा को सौंपी जा सकती है टेस्ट टीम की कमान.
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट और विवादों का हमेशा से साथ रहा है. जब भी टीम का प्रदर्शन गिरता है, तो पीसीबी का पुराना फॉर्मूला ‘कप्तान बदलो, कोच बदलो’ फिर से एक्टिव हो जाता है. इस बार बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैदान पर मिली 0-2 की करारी टेस्ट सीरीज हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया है. लगातार मिल रही नाकामियों के बाद अब मौजूदा टेस्ट कप्तान शान मसूद की कुर्सी खतरे में है और उनकी जगह सलमान अली आगा को टेस्ट टीम का नया बॉस बनाया जा सकता है.
क्या शान मसूद की जगह लेंगे सलमान अली आगा?
साल 2023 में टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले शान मसूद की कप्तानी पर अब तलवार लटक रही है. ‘जियो सुपर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी शान मसूद को कप्तानी से हटाने और पूर्व टी20 कप्तान सलमान अली आगा को यह जिम्मेदारी सौंपने की पूरी तैयारी कर चुका है. माना जा रहा है कि मसूद के कप्तानी पद से इस्तीफा देते ही सलमान अली आगा के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा. रिपोर्ट्स में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है. बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चौथा टेस्ट मैच हारने के बाद कप्तान शान मसूद और खिलाड़ियों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई थी. वतन वापसी की फ्लाइट के दौरान भी मसूद ने खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखी और पूरा समय अपने परिवार के साथ बिताया.
शान मसूद का निराशाजनक रिकॉर्ड
36 वर्षीय शान मसूद ने अब तक 16 मैचों में पाकिस्तान टीम कप्तानी की है, जिसमें से टीम को 12 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. बतौर बल्लेबाज भी उनका प्रदर्शन बेहद साधारण रहा है, जहां 46 टेस्ट के बाद उनका औसत महज 30 का है. पाकिस्तान को अपनी अगली टेस्ट सीरीज जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलनी है. पीसीबी कप्तानी में बदलाव का यह बड़ा फैसला सीरीज शुरू होने के ठीक पहले ले सकता है. टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर वनडे सीरीज खेलनी है, जो 30 मई से शुरू होकर 4 जून तक चलेगी.
ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज खेलेगी पाकिस्तान टीम
वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शुक्रवार को इस्लामाबाद में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है, जबकि शनिवार से रावलपिंडी में ट्रेनिंग कैंप शुरू होगा. कंगारू टीम भी शनिवार को ही इस्लामाबाद पहुंचेगी. साल 2022 के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान में द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने आ रही है. पिछली बार (2022 में) पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था. इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की मेजबानी की थी, जिसमें पाकिस्तान ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


