Last Updated:
Heinrich Klaasen world record: सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने इतिहास रच दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 24 गेंदों में 51 रनों की आतिशी पारी खेलकर वह टी20 क्रिकेट में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए एक सीजन में 600 प्लस रन (606 रन) बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. क्लासेन ने ऋषभ पंत के 579 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा और ईशान किशन के साथ 113 रनों की धुआंधार साझेदारी की.
हेनरिक क्लासेन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है. क्लासेन चालू सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के सबसे भरोसेमंद और खतरनाक बल्लेबाज साबित हुए हैं. टूर्नामेंट के 14वें लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने एक ऐसा महारिकॉर्ड अपने नाम किया, जो आज तक टी20 क्रिकेट के इतिहास में कोई भी बल्लेबाज नहीं कर सका था. वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिसने किसी एक टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 600 से अधिक रन बनाए हैं.
आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने हैनरिक क्लासेन पर भारी भरोसा जताते हुए उन्हें 23 करोड़ रुपये की मोटी रकम में रिटेन किया था. क्लासेन ने फ्रेंचाइजी के इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया है. हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले से पहले क्लासेन को इस ऐतिहासिक 600 रन के आंकड़े को छूने के लिए 45 रनों की दरकार थी. घरेलू प्रशंसकों के भारी उत्साह के बीच, उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के 15वें ओवर में इस जादुई आंकड़े को पार कर लिया.
हेनरिक क्लासेन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
ऋषभ पंत का 8 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
इस ऐतिहासिक पारी से पहले, किसी भी टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में नंबर 4 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के नाम दर्ज था. दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए पंत ने आईपीएल 2018 में केवल 11 पारियों में 579 रन बनाए थे. क्लासेन ने अब पंत के इस 8 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
इस सूची में राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग भी शामिल हैं, जिन्होंने आईपीएल 2024 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 573 रन बनाए थे. वहीं, वाइटैलिटी ब्लास्ट 2024 में बर्मिंघम बियर्स के सैम हैन ने 14 मैचों में 569 रन और साल 2022 में इसी टीम के एडम होस ने 15 मैचों में 557 रन बनाए थे. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2013 में मध्यक्रम में खेलते हुए 19 मैचों में 538 रन जोड़े थे. इसके अलावा नैटवेस्ट टी20 ब्लास्ट 2017 में डर्बीशायर के वेन मडसेन ने 14 मैचों में 526 रन, वाइटैलिटी ब्लास्ट 2018 में समरसेट के कोरी एंडरसन ने 16 मैचों में 514 रन, आईपीएल 2021 में आरसीबी के ग्लेन मैक्सवेल ने 14 मैचों में 513 रन, बिग बैश लीग 2021-22 में एडिलेड स्ट्राइकर्स के जोनाथन वेल्स ने 17 मैचों में 501 रन और वाइटैलिटी ब्लास्ट 2021 में ग्लूस्टरशायर के ग्लेन फिलिप्स ने 12 मैचों में 500 रन बनाए थे. लेकिन इन दिग्गजों में से कोई भी 600 का आंकड़ा नहीं छू पाया था, जिसे क्लासेन ने मुमकिन कर दिखाया.
आरसीबी के खिलाफ खेली आतिशी पारी
बेंगलुरु के खिलाफ मैच में क्लासेन ने अपने बल्ले से जमकर आग उगली. उन्होंने केवल 24 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की बेहद ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 212 से भी ऊपर का रहा. अपनी इस पारी में उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और कुल 2 चौके तथा 5 गगनचुंबी छक्के जड़े. इस सीजन में यह उनकी छठी अर्धशतकीय पारी थी, जिसके दम पर वह अब आईपीएल 2026 में हैदराबाद की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. उनके नाम अब इस सीजन के 14 मैचों में कुल 606 रन दर्ज हो गए हैं.
ईशान किशन के साथ शतकीय साझेदारी और टीम को मजबूती
पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद के लिए क्लासेन की यह पारी बेहद अहम समय पर आई. मैच के दौरान जब वह क्रीज पर टिके हुए थे, तब उन्होंने दूसरे छोर पर मौजूद ईशान किशन के साथ मिलकर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली. इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 48 गेंदों में 113 रनों की बेहद आक्रामक और शतकीय साझेदारी की. इस साझेदारी ने हैदराबाद को एक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
हैदराबाद के प्रशंसकों को उम्मीद थी कि क्लासेन इस मैच में एक बड़ा शतक लगाएंगे, लेकिन पारी के 17वें ओवर में क्रुणाल पांड्या की दूसरी गेंद पर एक और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह बाउंड्री पर वेंकटेश अय्यर के हाथों लपके गए. हालांकि, पवेलियन लौटने से पहले वह अपना काम बखूबी कर चुके थे. क्लासेन के आउट होने के समय उनके जोड़ीदार ईशान किशन भी रंग में नजर आ रहे थे और वह 36 गेंदों में 66 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे. ईशान ने भी क्लासेन की तरह ही इस मैच में अपना शानदार अर्धशतक पूरा किया. क्लासेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि और आतिशी बल्लेबाजी ने सनराइजर्स हैदराबाद के प्लेऑफ के दावों को और ज्यादा मजबूती दे दी है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


