Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की रेस से लगातार तीन मैच हारकर बाहर हुई चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस कप्तान रुतुराज गायकवाड पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं. गुजरात टाइटंस के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में मिली हार के बाद उनको सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है. पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन ने उनका बचाव करते हुए फैंस को महेंद्र सिंह धोनी के युग से आगे बढ़ने की सलाह दी है.
रुतुराज गायकवाड के बचाव में उतरे आर अश्विन, फैंस को फटकारा
नई दिल्ली. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम लगातार तीसरी बार इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ में पहुंचने से चूक गई. इस बात को लेकर फैंस बेहद नाराज हैं और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. CSK शुरुआती हार के बाद वापसी करते हुए लगातार टॉप 4 की रेस में बनी हुई थी. लीग स्टेज में लगातार तीन हार के बाद वो दौड़ से बाहर हो गई. सबसे ज्यादा आलोचना और ट्रोलिंग का सामना कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को करना पड़ा. फैंस द्वारा CSK कप्तान की हद से ज्यादा आलोचना देखकर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी नाराजगी जताई. समर्थकों को सलाह दी कि वे अब महेंद्र सिंह धोनी के कप्तान रहते जो उम्मीदें रखते थे. उनसे आगे बढ़ें.
रुतुराज का इस सीजन में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम के कप्तान न सिर्फ लगातार रन बनाने में नाकाम रहे, बल्कि उनका स्ट्राइक रेट भी बेहद खराब रहा. CSK कप्तान ने इस सीजन में 123.44 के स्ट्राइक रेट और 28.08 की औसत से कुल 337 रन बनाए. उनके प्रदर्शन से निराश कुछ CSK फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल और गाली तक दी. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में रुतुराज को निशाना बनाने वाले फैंस की आलोचना की और माना कि यह अब फ्रेंचाइजी के लिए नई हकीकत है.
अश्विन ने कहा, “मैं हमेशा कहूंगा, रुतुराज अच्छे खिलाड़ी हैं. कभी-कभी लोग इतनी गालियां देते हैं, मुझे समझ नहीं आता क्यों. रुतुराज गायकवाड़ ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं. ये किसी के साथ भी हो सकता है. वक्त किसी का भी बदल सकता है. उदाहरण के लिए ईशान किशन को देखिए. अगर आपको याद हो, मुंबई इंडियंस ने ईशान किशन को नीलामी में खरीदने के लिए काफी पैसे खर्च किए थे, लेकिन उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया. SRH ने भी उन पर निवेश किया, लेकिन अब वे SRH के लिए अच्छा खेल रहे हैं. तो वक्त सबका बदलता है, लेकिन किसी भी खिलाड़ी को गाली देना या ट्रोल करना सही नहीं है,”
पूर्व CSK स्पिनर अश्विन ने फैंस से यह भी अपील की कि वे टीम से वही उम्मीदें न रखें जो धोनी के कप्तान रहते रखते थे. “चेन्नई इस बार सबसे बेहतरीन टीमों में नहीं रही, ये समझना जरूरी है. वक्त बदल गया है. धोनी और CSK ने पिछले 18 सालों में सबको ये आदत डाल दी थी कि हम जीतेंगे, प्ले-ऑफ में पहुंचेंगे. अब ऐसा नहीं है. अब 10 टीमें हैं. हर टीम अच्छा क्रिकेट खेलती है. कोई भी किसी को भी हरा सकता है और चेन्नई ने इस बार उन सभी टीमों को हराया जो उनसे नीचे हैं, जो पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं. तो अभी उन्हें और मेहनत करनी होगी, लेकिन उनकी टीम में काफी संभावनाएं हैं,”
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


