Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2017 में गलत खबर के कारण एक खिलाड़ी का करियर तबाह हो गया था. मध्यप्रदेश के लिए खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया को आईपीएल ऑक्शन में सिर्फ इसलिए नहीं खरीदा गया था क्योंकि एक समाचार एजेंसी ने गलती से एक आपराधिक मामले में अंडर-18 क्रिकेटर हरमीत सिंह की जगह हरप्रीत सिंह भाटिया की फोटो पोस्ट कर दी थी.
हरप्रीत सिंह भाटिया
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2017 के लिए फ्रेंचाइजी ऑक्शन टेबल पर बैठी थी. सभी टीमों ने अपने लिए खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट भी कर लिया था. ऑक्शन शुरू हुआ और एक के बाद एक बोली लगनी शुरू हुई. ऑक्शन में ड्रॉफ्ट हुए खिलाड़ियों की धड़कने बढ़ी हुई थी. उन्हीं में से एक प्लेयर मध्यप्रदेश के हरप्रीत सिंह भाटिया थे. हरप्रीत को लेकर कईं टीमों ने मन बनाकर रखा था कि उन पर वह बोली लगाएंगे. वजह थी घरेलू क्रिकेट में उनका शानदार प्रदर्शन, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. जिस हरप्रीत सिंह भाटिया के लिए टीमें तिजोरी लेकर बैठी थी उन सबने सिर्फ एक फेक न्यूज के कारण उनसे मुंह फेर लिया है. यह कहानी एक जैसी दिखने वाली दो पहचानों की है, जिसने एक खिलाड़ी के शानदार फॉर्म में चल रहे करियर को पल भर में पटरी से उतार दिया.
2017 के आईपीएल ऑक्शन से ठीक पहले मुंबई में एक अजीबोगरीब घटना घटी. पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर हरमीत सिंह को मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कथित तौर पर कार चलाने के आरोप में हिरासत में लिया गया. यह एक गंभीर अनुशासनात्मक मामला था, लेकिन एक बड़ी समाचार एजेंसी (ANI) से एक भारी चूक हो गई. उन्होंने गलती से हरमीत सिंह की जगह हरप्रीत सिंह भाटिया का नाम और तस्वीर अपनी खबर में चला दी.
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रनों की बारिश कर रहे थे हरप्रीत
जिस समय ये पूरा विवाद शुरू हुआ हरप्रीत सिंह भाटिया गजब के फॉर्म में थे. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाए थे और कई आईपीएल फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए उत्सुक थीं, लेकिन नीलामी के ठीक पहले आई इस आपराधिक खबर ने फ्रेंचाइजियों के बीच डर पैदा कर दिया. किसी ने भी विवादित खिलाड़ी पर दांव लगाना सही नहीं समझा. नतीजा यह हुआ कि ऑक्शन में हरप्रीत सिंह अनसोल्ड रह गए. वहीं, जब तक एजेंसी ने अपनी गलती सुधारी और स्पष्टीकरण जारी किया, तब तक नीलामी खत्म हो चुकी थी और हरप्रीत का एक पूरा साल बर्बाद हो चुका था.
हरमीत के लिए इस झटके से उबर पाना आसान नहीं था, लेकिन हरप्रीत ने हार नहीं मानी. उन्होंने घरेलू क्रिकेट लगातार रन बनाना जारी रखा. उनकी मेहनत का फल उन्हें 6 साल बाद मिला. आईपीएल 2023 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें उनके बेस प्राइस पर खरीदा. यह हरप्रीत के लिए सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट नहीं, बल्कि उनकी बेगुनाही का सबूत भी था. पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए हरप्रीत सिंह भाटिया ने 2023 सीजन में कुछ मैच खेले. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक मैच में 28 गेंदों पर 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर यह साबित किया कि उनमें अभी भी आईपीएल के स्तर पर खेलने का माद्दा है.
हरमीत सिंह का क्या हुआ?
रेलवे प्लेटफॉर्म पर कार घुसाने की उस घटना के बाद हरमीत सिंह का मुंबई क्रिकेट में उनका ग्राफ तेजी से नीचे गिरा. अनुशासनात्मक मुद्दों और अवसरों की कमी के कारण भारतीय क्रिकेट में उनका सफर लगभग थम सा गया था. भारत में राह मुश्किल होने के बाद हरमीत सिंह ने एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने भारतीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया और अमेरिका शिफ्ट हो गए.
अमेरिका जाकर उन्होंने वहां की क्रिकेट लीग्स में खेलना शुरू किया और जल्द ही यूएसए की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में जगह बना ली. साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में हरमीत सिंह यूएसए की टीम के मुख्य स्पिन ऑलराउंडर के रूप में खेले, जहां उनकी टीम ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रचा था.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


