Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स करो या मरो मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरी. यशस्वी जायसवाल ने भले बड़ी पारी नहीं खेली लेकिन फिर भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास के पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्का लगाने का कारनामा अंजाम दिया. रोहित शर्मा के लगाए 13 छक्के के रिकॉर्ड को उन्होंंने पीछे छोड़ दिया.
यशस्वी जायसवाल आईपीएल इतिहास में पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लागने वाले बैटर बने
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का ये सीजन बेहद रोमांचक रहा है. टूर्नामेंट के लगभग सारे लीग मैच हो चुके हैं लेकिन अब भी प्लेऑफ की चारों टीमें फाइनल नहीं हो पाई. टॉप चार में जगह बनाने की रेस में शामिल राजस्थान रॉयल्स करो या मरो मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 24 मई (रविवार) को खेलने उतरी. कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और राजस्थान के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने आकर बड़ा रिकॉर्ड बना डाला. टूर्नामेंट के इतिहास में पहले ओवर में वो अब सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बन गए हैं. उन्होंने मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा.
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मैच में उतरने से पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल छक्के के महारिकॉर्ड बनाने से एक कदम दूर थे. उन्होंने पहले ओवर में ही इस कारनामे को अंजाम दे दिया. दीपक चाहर की पांचवीं बॉल पर उन्होंने जोरदार आसमानी शॉट लगाया और गेंद हवा में लहराती हुई बाउंड्री पार पहुंच गई. इस छक्के के साथ ही यशस्वी जायसवाल आईपीएल इतिहास में पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बन गए.
आईपीएल में पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के
अगर टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात करें तो यशस्वी जायसवाल 14 सिक्स के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने 279 का सामना करने के बाद इस उपलब्धि को हासिल किया है. मुंबई के लिए खेलने वाले रोहित शर्मा ने 387 बॉल खेलकर 13 छक्के लगाए हैं. पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग और वेस्टइंडीज के पूर्व तूफानी बैटर क्रिस गेल ने 12-12 छक्के जमाए हैं. विराट कोहली ने भी इतने ही छक्के मारे हैं.


