Last Updated:
Rajat Patidar World Record: आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने अपने बल्ले से वो गदर मचाया है, जिसे क्रिकेट इतिहास हमेशा याद रखेगा. गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पाटीदार ने न सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की नाबाद विस्फोटक पारी खेली, बल्कि एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया जो आज तक दुनिया का कोई भी कप्तान नहीं कर पाया था. अपनी इस कप्तानी पारी के दौरान 9 गगनचुंबी छक्के जड़कर पाटीदार टी20 क्रिकेट के इतिहास में रच दिया.
रजत पाटीदार टी20 टूर्नामेंट में 41 छक्के जड़ने का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मैच में रजत पाटीदार ने इतिहास रच दिया. आरसीबी के कप्तान ने सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेली, जिससे गुजरात को 255 रन का विशाल लक्ष्य मिला. इसके साथ ही पाटीदार ने इतिहास रच दिया. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में पाटीदार ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं. इस पारी के दौरान पाटीदार का स्ट्राइक रेट 280 से भी ऊपर का रहा. उन्होंने 9 छक्के और 5 चौके लगाए. 9 छक्कों के साथ ही पाटीदार ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
कप्तानी में छक्कों का ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’
गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगाए गए इन 9 छक्कों की मदद से रजत पाटीदार के आईपीएल 2026 में कुल 41 छक्के हो गए हैं. इसके साथ ही वह दुनिया के किसी भी एक टी20 टूर्नामेंट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. टी20 क्रिकेट के इतिहास में आज तक किसी भी कप्तान ने एक सीजन या टूर्नामेंट में 40 से ज्यादा छक्के नहीं जड़े हैं.
रियान पराग और श्रेयस अय्यर को पछाड़ा
रजत पाटीदार ने इस ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंचने के लिए घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है. पाटीदार ने (41 छक्के) रियान पराग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. पराग ने साल 2023-24 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम की कप्तानी करते हुए 40 छक्के लगाए थे. आईपीएल के एक सीजन में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इससे पहले श्रेयस अय्यर के नाम था. अय्यर ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए 39 छक्के जड़े थे, लेकिन पाटीदार अब उनसे काफी आगे निकल गए हैं.
प्लेऑफ में पाटीदार मचाते हैं कोहराम
रजत पाटीदार ने आईपीएल करियर में 6 प्लेऑफ मुकाबले खेले हैं, जिसमें 112.66 की औसत और 193.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 338 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले. इन 6 मुकाबलों में पाटीदार ने 24 छक्के और 25 चौके लगाए हैं. आईपीएल नॉकआउट/प्लेऑफ में सिर्फ रैना (40), धोनी (28) और पोलार्ड (25) ने ही पाटीदार से ज्यादा छक्के लगाए हैं. रजत पाटीदार साल 2021 से अब तक सिर्फ आरसीबी के लिए ही खेले हैं. साल 2022 में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में 54 गेंदों में 112 रन बनाए थे, जिसके बाद क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 42 गेंदों में 58 रन की पारी खली. आईपीएल 2024 के एलिमिनेटर मैच में पाटीदार ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 22 गेंदों में 34 रन बनाए थे. आईपीएल 2025 में पाटीदार की कप्तानी में ही आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था. उस सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालीफायर-1 में पाटीदार ने 8 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए थे, जबकि फाइनल मैच में इसी टीम के खिलाफ 16 गेंदों में 26 रन की पारी खेली.
आरसीबी ने बनाया प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर
आरसीबी ने आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया. आईपीएल प्लेऑफ में इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के नाम था. गुजरात ने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 3 विकेट पर 233 रन बनाए थे. टी20 क्रिकेट में नॉकआउट या प्लेऑफ गेम में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड समरसेट के नाम है. समरसेट ने टी20 ब्लास्ट के क्वार्टर फाइनल में डर्बिशायर के खिलाफ 2012 में 5 विकेट पर 265 रन बनाए थे.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


