Last Updated:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को धूल चटाकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई. कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 93 रन की पारी के दम पर आरसीबी ने प्लेऑफ में टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. 5 विकेट पर 254 रन के लक्ष्य के आगे गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई.
आरसीबी ने गुजरात को हराकर बनाई आईपीएल 2026 फाइनल में जगह
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले प्लेऑफ को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने धमाकेदार खेल से एकतरफा बना दिया. कप्तान रजत पाटीदार ने मुश्किल में आकर इस बड़े मैच में बड़ी पारी खेल डाली. नाबाद 93 रन की पारी के दम पर आरसीबी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 5 विकेट पर 254 रन का पहाड़ जैसा स्कोर बना डाला. ये टूर्नामेंट के इतिहास का प्लेऑफ में किसी टीम का बनाया सबसे बड़ा स्कोर है. लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल की टीम 162 रन पर ही सिमट गई. इस जीत के साथ आरसीबी लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंच गई.
धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. वेंकटेश अय्यर ने आरसीबी के लिए तूफानी शुरुआत दी लेकिन जल्दी आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर पारी को तेज किया और स्कोर आगे बढ़ाया. जेसन हेल्डर ने एक ही ओवर में दोनों ही बल्लेबाजों को आउट कर मैच का रुख मोड़ दिया. कप्तान रजत पाटीदार ने मैदान पर कदम रखा और पारी को संभाला. शुरुआती 10 बॉल पर वो सिर्फ 14 रन ही बना पाए थे.
रजत पाटीदार की पारी ने बदला खेल
जल्दी जल्दी गिरे विकेट के बाद रजत पाटीदार ने क्रुणाल पंड्या के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाया. इसके बाद अपना गियर बदला और चौकों छक्कों की बौछार कर दी. उन्होंने 21 बॉल पर फिफ्टी पूरी की जिसमें 5 छक्के और 3 चौके लगाए. पारी की पहली 10 बॉल पर 14 रन बनाने वाले कप्तान पाटीदार ने 33 गेंद पर 93 रन की पारी खेली. उनके खाते में 9 आसमानी छक्के लगाए और 5 चौके भी जमाए. इस पारी ने आरसीबी को 254 रन के रिकॉर्ड तोड़ स्कोर तक पहुंचाया. गुजरात टाइटंस के 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाए गए 3 विकेट पर 233 रन के रिकॉर्ड को आरसीबी ने इस मैच में तोड़ दिया.
गुजरात की बल्लेबाजी हुई तहस नहस
प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम आरसीबी की गेंदबाजी के आगे पूरी तरह से बिखर गई. जब टीम का स्कोर 17 रन था तो ओपनर साई सुदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट होकर लौटे. उनका लगाया शॉट तो चौके के लिए गया लेकिन बल्ला हाथ से छूटकर स्टंप से जा टकराया. शुभमन गिल महज 2 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की बॉल पर बोल्ड हो गए. जोस बटलर ने अच्छे हाथ दिखाए लेकिन वो भी 29 रन बनाकर जोस हेजलवुड के शिकार हो गए.
रसिक का ओवर बना टर्निंग प्वाइंट
पारी का छठा ओवर लेकर आए रसिक सलाम ने दो विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया. पहली गेंद पर निशांत सिंधु को इस बॉलर ने अपनी बॉल पर कैच लेकर वापस भेजा. इसके बाद चौथी बॉल पर उन्होंने जेसन होल्डर जैसे खतरनाक खिलाड़ी को हेजलवुड के हाथों कैच करवाया. यहां से मैच पूरी तरह से बदल गया गुजरात का स्कोर 51 रन पर 5 विकेट हो गया.
चौथी बार आईपीएल फाइनल में आरसीबी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने गुजरात को क्वालीफायर 1 में हराकर चौथी बार आईपीएल फाइनल में जगह पक्की की. सबसे पहले टीम ने 2009 में पहली बार फाइनल में कदम रखा था. इसके बाद 2011 में फिर से आरसीबी ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची थी. 2016 में टीम तीसरी बार फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब हुई. 2025 में आखिरकार आरसीबी फाइनल में पहुंची और चैंपियन बनी.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


