नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों मिली करारी हार के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल निराश नजर आए. हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में 255 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 162 रन पर ढेर हो गई. 93 रन से मिली इस शर्मनाक हार के बाद गुजरात के कप्तान गिल ने खुलकर बात की और साफ-साफ बताया कि आखिर टीम से कहां चूक हुई. हालांकि, उन्होंने हार का ठीकरा किसी एक खिलाड़ी पर नहीं फोड़ते हुए कहा कि टीम से कई जगह गलतियां हुईं. आइए जानते हैं गिल ने मैच के बाद क्या कुछ कहा.
खराब प्रदर्शन ने डुबोई गुजरात की लुटिया
जब शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या वह पिच के बर्ताव से हैरान थे, तो उन्होंने साफ मना कर दिया. गिल ने कहा, “ऐसा बिल्कुल नहीं है. हम मैच में 12वें-13वें ओवर तक काफी अच्छी स्थिति में थे. हार की असली वजह हमारी खराब फील्डिंग रही. हमने मैदान पर कुछ कैच छोड़े और हमारी ग्राउंड फील्डिंग भी बेहद खराब रही. जब आप इतने बड़े मैच में खेल रहे हों, तो ऐसा प्रदर्शन आपको भारी पड़ता है.”
दबाव नहीं झेल पाए खिलाड़ी
कप्तान गिल ने अपनी टीम की खराब फील्डिंग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सब दबाव का खेल है. उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि खिलाड़ियों में जोश या जज्बा नहीं था, खिलाड़ियों ने पूरा दम लगाया, लेकिन जब दबाव वाली परिस्थितियां सामने आईं, तो हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए.” गिल ने आगे कहा कि फील्डिंग की इस कमी को वे टीम मीटिंग और प्रैक्टिस सेशंस में लगातार उठा रहे हैं और आगे भी इस पर कड़ी बात होगी.
‘पावरप्ले अच्छा होता, तो चेज हो जाता 255 का टारगेट’
शुभमन गिल का मानना था कि धर्मशाला का मैदान छोटा है और यहां की आउटफील्ड बहुत तेज है. इतने बड़े लक्ष्य को लेकर उनका प्लान क्या था, इस पर बात करते हुए गिल ने कहा, “अगर हमें पावरप्ले में एक अच्छी और धमाकेदार शुरुआत मिल जाती, तो इस मैदान पर और इस पिच पर कोई भी टारगेट हासिल किया जा सकता था, लेकिन हम वो शुरुआत नहीं पा सके.”
साई सुदर्शन के विकेट पर भी बोले
मैच के दौरान साई सुदर्शन का बल्ला हाथ से छूटकर स्टंप्स पर जा लगा था, जिसके कारण उन्हें ‘हिट-विकेट’ आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा. इस अजीबोगरीब और अभागे विकेट पर कप्तान गिल ने कहा, “क्रिकेट में इस तरह का विकेट बहुत कम देखने को मिलता है. सुदर्शन का उस तरह से आउट होना हमारे लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था.”
दूसरा क्वालीफायर जीतने पर नजरें
ये हार चुभने वाली जरूर है, लेकिन शुभमन गिल ने साफ कर दिया है कि वे इसे एक बुरे सपने की तरह भूलकर आगे बढ़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “यह उन मैचों में से एक था जिसे हम भूलना चाहेंगे. अब हम मोहाली (दूसरे क्वालीफायर) में इस मैच की गलतियों से सीखकर मैदान पर उतरेंगे.” दूसरे क्वालीफायर में गुजरात की टक्कर राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के विजेता से होगी.
मैच में क्या-क्या हुआ?
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए. इस टीम को 21 के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर (19) के रूप में पहला झटका लगा. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 72 रन जोड़कर टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया. 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर कोहली को जेसन होल्डर ने बोल्ड किया. कोहली 25 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए. इसी ओवर की चौथी गेंद पर पड्डिकल (30 रन) भी आउट हुए.
पाटीदार की तूफानी पारी
आरसीबी ने 94 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से कप्तान रजत पाटीदार ने क्रुणाल पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों में 95 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. क्रुणाल पांड्या 28 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान पाटीदार ने टिम डेविड के साथ 25 रन और जितेश शर्मा के साथ 12 गेंदों में 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 254 के स्कोर तक पहुंचा दिया. विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट हासिल किया.
चारों खाने चित हुई गुजरात
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस 19.3 ओवरों में 162 रन पर सिमट गई. इस टीम को 17 के स्कोर पर साईं सुदर्शन (14) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद निरंतर अंतराल पर टीम के विकेट गिरते रहे. गुजरात टाइटंस ने 51 के स्कोर पर जोस बटलर (29), निशांत संधू (5) और जेसन होल्डर (0) के विकेट गंवाए. आलम ये रहा कि टीम ने 88 के स्कोर तक अपना 8वां विकेट भी खो दिया था, जिसके बाद राहुल तेवतिया (68) ने मोहम्मद सिराज के साथ 68 रन की साझेदारी की, लेकिन टाइटंस को जीत नहीं दिला सके. आरसीबी की तरफ से जैकब डफी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट निकाले. जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल किया.


