Last Updated:
5 batsman who smashes most sixes in t20i: टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा 205 छक्कों के साथ दुनिया के बेताज बादशाह हैं. उनके बाद यूएई के मुहम्मद वसीमऔर ऑस्ट्रिया के करनबीर सिंह अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको चौंका रहे हैं. वहीं, भारत के ‘मिस्टर 360’ सूर्यकुमार यादव और इंग्लैंड के जोस बटलर भी इस रेस में शामिल हैं. इन पांचों बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक पावर-हिटिंग से क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप को एक नया और रोमांचक रोमांच दिया है.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाजों की लिस्ट.
नई दिल्ली. इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट की दुनिया हमेशा से ही तेज रफ्तार, रोमांच और गगनचुंबी छक्कों के लिए जानी जाती है. जब भी कोई बल्लेबाज गेंद को सीमा रेखा के पार दर्शकों के बीच भेजता है, तो स्टेडियम का माहौल देखने लायक होता है. टी-20 अंतरराष्ट्रीय के इतिहास में कई ऐसे धाकड़ बल्लेबाज आए जिन्होंने अपनी पावर-हिटिंग से गेंदबाजों के दिलों में खौफ पैदा किया. टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के उन पांच चुनिंदा बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप को एक नई परिभाषा दी है.
भारतीय क्रिकेट के ‘हिटमैन’ यानी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का इस लिस्ट में सबसे पहला और सबसे बड़ा नाम है. साल 2007 से 2024 के अपने सुनहरे करियर में रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय को अपनी उंगलियों पर नचाया है. उन्होंने अपने करियर में कुल 159 मैच खेले, जिसकी 151 पारियों में 19 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने रिकॉर्ड 4231 रन बनाए. रोहित के नाम इस प्रारूप में 5 शतक और 32 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 121 रन रहा है. रोहित की बल्लेबाजी की सबसे खास बात उनकी टाइमिंग रही है। उन्होंने 140.89 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए विरोधी टीमों की धज्जियां उड़ाईं. जब बात बाउंड्री की आती है, तो रोहित के बल्ले से 383 चौके और दुनिया में सबसे ज्यादा 205 छक्के निकले हैं. रोहित का यह रिकॉर्ड बयां करता है कि क्यों उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे खतरनाक ओपनर माना जाता है.
मुहम्मद वसीम ने बनाई अलग पहचान
रोहित शर्मा के बाद इस लिस्ट में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज मुहम्मद वसीम (Muhammad Waseem) का नाम आता है. वसीम ने साल 2021 से 2026 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. उन्होंने अब तक 99 मैच खेले हैं और सभी 99 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 3371 रन ठोके हैं. 36.24 की शानदार औसत और 150.96 के तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले वसीम ने अपने करियर में 3 शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं. वसीम की ताकत उनकी बेखौफ बल्लेबाजी है. उन्होंने 2233 गेंदों का सामना करते हुए 282 चौके और 196 छक्के उड़ाए हैं. वह रोहित शर्मा के जादुई आंकड़े (205 छक्के) को पार करने के बेहद करीब हैं और एसोसिएट नेशन से निकलकर दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों को रिमांड पर लेना उनकी काबिलियत को दर्शाता है.
करनबीर सिंह ने जो कर दिखाया है, वह चमत्कार से कम नहीं
क्रिकेट की दुनिया में अक्सर बड़ी टीमों के बल्लेबाजों की चर्चा होती है, लेकिन ऑस्ट्रिया के करनबीर सिंह ने जो कर दिखाया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है. साल 2024 से 2026 के महज दो साल के छोटे से अंतरराष्ट्रीय करियर में करनबीर ने तहलका मचा दिया है. उन्होंने 53 मैचों की 52 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 2220 रन बनाए हैं. करनबीर का अंदाज कितना आक्रामक है, इसका अंदाजा उनके 172.76 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट और 48.26 की बेहतरीन औसत से लगाया जा सकता है. उन्होंने केवल 1285 गेंदें खेली हैं, जिसमें उन्होंने 3 शतक और 19 अर्धशतक जड़े हैं. करनबीर ने अपनी छोटी सी यात्रा में ही 186 चौके और 180 छक्के जड़कर दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है.
सूर्या ने 179 छक्के जड़े हैं
छक्कों की बात हो और भारत के सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. साल 2021 में डेब्यू करने वाले सूर्या ने बहुत कम समय में खुद को टी-20 का सबसे विस्फोटक बल्लेबाज साबित किया है. 2026 तक के अपने करियर में सूर्या ने 113 मैच खेले हैं, जिसकी 107 पारियों में 17 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 3272 रन बनाए हैं. मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की कला (मिस्टर 360) के कारण उनका स्ट्राइक रेट 162.94 का रहा है, जो उनकी निरंतरता को देखते हुए लाजवाब है. सूर्या के नाम 4 शतक और 25 अर्धशतक हैं. उन्होंने अब तक 297 चौके और 179 छक्के लगाए हैं. सूर्या जब अपनी लय में होते हैं, तो गेंद का बाउंड्री के बाहर जाना तय होता है.
इंग्लैंड के लिए सफेद गेंद के क्रिकेट में क्रांति बटलर ने लाई क्रांति
इस लिस्ट को पूरा करते हैं इंग्लैंड के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर (Jos Buttler). साल 2011 से 2026 तक इंग्लैंड के लिए सफेद गेंद के क्रिकेट में क्रांति लाने वाले बटलर ने 155 मैचों की 143 पारियों में 4037 रन बनाए हैं. 33.64 की औसत और 147.76 के स्ट्राइक रेट से खेलने वाले बटलर के नाम 1 शतक और 28 अर्धशतक दर्ज हैं. बटलर अपनी पारंपरिक और आधुनिक बल्लेबाजी के मिश्रण के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 373 चौके और 175 छक्के लगाए हैं. पारी की शुरुआत में मिले जीवनदान को बड़े स्कोर और लंबे छक्कों में बदलना बटलर की खासियत रही है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


