Last Updated:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन कप्तान रजत पाटीदार ने इंडियन प्रीमियर लीग में खास उपलब्धि हासिल की, वो लगातार दो आईपीएल फाइनल में टीम को ले जाने वाले कप्तान बन गए हैं. इस कारनामे को सबसे ज्यादा बार चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने किया है.
रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को पहले क्वालिफायर में 92 रन से हराकर IPL 2026 के फाइनल में जगह बनाई. रजत ने कप्तानी पारी खेलते हुए 33 गेंद में नाबाद 93 रन बनाए और स्कोर 5 विकेट पर 254 रन तक पहुंचाया. गुजरात टाइटंस की टीम 162 रन पर ऑलआउट हो गई. रजत ने एक खास उपलब्धि हासिल की और लगातार दो IPL फाइनल में टीम को पहुंचाने वाले पांचवें कप्तान बन गए.

रजत पाटीदार लगातार दो IPL फाइनल में टीम को पहुंचाने वाले पांचवें कप्तान बन गए हैं. उन्होंने IPL 2025 से पहले फाफ डु प्लेसिस की जगह RCB की कप्तानी संभाली थी. अपने डेब्यू सीजन में ही टीम को 18 साल बाद पहली बार ट्रॉफी दिलाई. RCB ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता.

महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने यह कारनामा एक से ज्यादा बार किया है. धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2010 (विजेता), 2011 (विजेता), 2012 और 2013 के फाइनल में जगह बनाई. टीम ने 2018 में वापसी के बाद ट्रॉफी जीती जबकि 2019 के फाइनल में मुंबई इंडियंस से एक रन से हार गई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मुंबई इंडियंस (MI) ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2013 से 2023 के बीच शानदार प्रदर्शन किया और पांच बार IPL ट्रॉफी जीती. उनकी कप्तानी में MI ने 2019 और 2020 में लगातार दो बार खिताब अपने नाम किया. इसके बाद से टीम फाइनल में नहीं पहुंची. IPL 2024 से पहले हार्दिक पंड्या ने रोहित की जगह MI की कप्तानी संभाली.

श्रेयस अय्यर ने लगातार दो सीजन में दो अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाने का रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को खिताब दिलाया. इसके बाद KKR ने IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया. अय्यर ने मेगा ऑक्शन में 26.75 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स (PBKS) जॉइन की और टीम को 11 साल बाद पहली बार फाइनल में पहुंचाया. फाइनल में PBKS को RCB के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.

गुजरात टाइटंस (GT) ने अपने डेब्यू सीजन 2022 में हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाकर सबको चौंका दिया था. उन्होंने अपने पहले ही सीजन में टीम को खिताब दिलाया. 2023 के फाइनल में पंड्या की कप्तानी में GT को CSK के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार मिली. इसके बाद वह IPL 2024 से पहले MI में कप्तान बनकर लौटे.


