Last Updated:
Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी की यह पारी अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही है. क्रिकेट प्रेमी उन्हें भारत का भविष्य बता रहे हैं. इतनी कम उम्र में जिस तरह से उन्होंने बड़े मंच पर खुद को साबित किया है, उसने बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश को गर्व महसूस कराया है. वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. अब तक वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 680 बना चुके है. आने वाले दिनों में वो विराट का भी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
वैभव के नाना
समस्तीपुर: पूरा देश इस समय बिहार के 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की चर्चा कर रहा है. छोटी सी उम्र में वैभव ने आईपीएल में ऐसा धमाका किया है कि हर कोई उनका फैन बन गया है. बुधवार को चंडीगढ़ के मैदान पर हर तरफ वैभव की चर्चा थी. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने रनों की सुनामी ला दी. राजस्थान की ओर से खेलते हुए वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए. इस दौरान उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए. उनकी बल्लेबाजी देखकर मैदान में मौजूद दर्शकों से लेकर टीवी पर मैच देख रहे लोग भी हैरान रह गए.
मैच खत्म होने के बाद न्यूज 18 ने वैभव के नाना और परनाना से खास बातचीत की. उस वक्त जब वैभव मैदान पर बड़े-बड़े शॉट लगा रहे थे, उनके नाना टीवी पर मैच देखने में पूरी तरह व्यस्त थे. वहीं उनके परनाना भगवान की पूजा कर रहे थे और वैभव की सफलता के लिए दुआ मांग रहे थे.
खुशी से झूम उठे नाना जी
वैभव के नाना श्री राजपूत ने खुशी जताते हुए कहा, “आज पूरे देश को वैभव पर गर्व हो रहा है. हम लोग तो बहुत ज्यादा खुश हैं. उसने शानदार खेल दिखाया है और कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हमारी यही इच्छा है कि वह आगे और बड़ा खिलाड़ी बने और दुनिया के सारे रिकॉर्ड अपने नाम करे.”
काश वो शतक बना लेता
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें थोड़ा अफसोस है कि वैभव शतक नहीं बना सके. नाना बोले, “पूरा परिवार मैच देखने में लगा रहता है. जैसे ही वह चौका या छक्का मारता है, घर में खुशी का माहौल बन जाता है. अगर वह एक छक्का कम मारकर चौका लगा देता तो 28 गेंद में ही उसका शतक पूरा हो जाता.”
वो हमेशा खेलने में मस्त रहता था…
नाना ने बताया कि बचपन से ही वैभव को क्रिकेट खेलने का बहुत शौक था. वह कभी छत पर खेलता था तो कभी गली-मोहल्ले में दोस्तों के साथ घंटों बल्लेबाजी करता रहता था. छोटे-छोटे टूर्नामेंट में भी वह लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर था. परिवार के लोग शुरू से उसके साथ खड़े रहे और उसे लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहे.
परनाना कर रहे थे पूजा
वैभव के परनाना भी अपने नाती की सफलता से बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा, “जब वह बल्लेबाजी कर रहा था, तब मैं पूजा कर रहा था. भगवान से यही प्रार्थना है कि वह और आगे बढ़े, दुनिया के सारे रिकॉर्ड तोड़े और देश का नाम रोशन करे.”
वैभव की जय जयकार
वैभव ने अपनी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश कर दी. उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए. आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से वह सिर्फ 3 रन से चूक गए, लेकिन उनकी इस तूफानी पारी ने पूरे देश का दिल जीत लिया.
About the Author

मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…और पढ़ें


