Last Updated:
Krunal Pandya Hardik Pandya Fight: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने कहा कि वह बाउंसर करने के लिए पहले से योजना नहीं बनाते हैं, बल्कि बल्लेबाजों से एक कदम आगे रहने और उन पर हावी होने के लिए अपनी सहज भावना से इस गेंद का इस्तेमाल करते हैं.
हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या की लड़ाई?
मुंबई: आरसीबी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में रविवार रात मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराया. क्रुणाल पंड्या ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया. इस दौरान अपने छोटे भाई हार्दिक को मारी उनकी बाउंसर चर्चा के केंद्र में है. हर कोई दोनों भाइयों के बीच तकरार और मनमुटाव की बात भी कर रहा है. कयासों और अटकलबाजियों के दौर के बीच क्रुणाल ने अपनी बाउंसर पर बात की है.
क्रुणाल ने कहा कि लोग अक्सर उनकी बाउंसर और उन गेंदों के बारे में बातें करते हैं, जो देखने में काफी अलग लगती हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी गेंदबाजी की बुनियादी बातों पर काम किया है. आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 240 रन बनाए, जिससे जवाब में मुंबई की टीम पांच विकेट पर 222 रन ही बना पाई. क्रुणाल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा:
मैंने कभी अलग-अलग और नई चीजें आजमाने से परहेज नहीं किया है क्योंकि इम्पैक्ट प्लेयर नियम के लागू होने से पहले नंबर छह या सात पर ऑलराउंडर होते थे और बल्लेबाजी का तरीका काफी अलग था, लेकिन अब नंबर आठ पर भी विशुद्ध बल्लेबाज आ रहे हैं. अगर टैलेंट की बात करें तो मुकुल (चौधरी) और वैभव (सूर्यवंशी) जैसे युवा खिलाड़ी पहली ही गेंद से लगातार अच्छे शॉट लगा रहे हैं. एक गेंदबाज के तौर पर मैं कौशल और मानसिक रूप से भी उनसे एक कदम आगे रहना चाहता हूं.
शॉर्ट पिच गेंद पर क्या बोले क्रुणाल पंड्या?
क्रुणाल ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैं अच्छी तरह से इसे अंजाम दे रहा हूं. मुझे उम्मीद है कि इस प्रारूप में उंगलियों के स्पिनरों का महत्व बना रहेगा और वे इससे कुछ सीख लेकर अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे क्योंकि सपाट पिचों और आठ बल्लेबाजों की मौजूदगी में उंगलियों स्पिनरों के लिए टीम में जगह बनाना बहुत मुश्किल हो गया है.
मैच के दौरान क्रुणाल पंड्या
क्रुणाल ने हार्दिक को मारी थी बाउंसर
क्रुणाल ने कहा कि वह अपनी शॉर्ट पिच गेंद को लेकर बहुत ज्यादा तैयारी नहीं करते हैं और इसके लिए खास योजना भी नहीं बनाते हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं अपने मन की बात सुनता हूं. मैं पहले से यह योजना नहीं बनाता कि मुझे चौथी, पांचवीं या छठी गेंद बाउंसर करनी है. कई बार ऐसा होता है कि मैं लगातार दो बाउंसर फेंकता हूं और अचानक पहली और छठी गेंद भी बाउंसर कर देता हूं.
क्या अगला मैच खेलेंगे विराट?
विराट कोहली टखने में दर्द के कारण मुंबई इंडियंस के खिलाफ फील्डिंग करने के लिए नहीं उतरे लेकिन क्रुणाल ने कहा कि वह ठीक हो जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘मैंने अभी तक फिजियोथेरेपिस्ट से बात नहीं की है, लेकिन मुझे लगता है कि वह ठीक हो जाएंगे। मुझे लगता है कि चिंता की कोई बात नहीं है.’
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें


