20.8 C
Munich

करो या मरो मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया एक बदलाव, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को हर हाल में चाहिए जीत

Must read


नई दिल्ली. आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-ए के अपने पांचवें और आखिरी मुकाबले में भारतीय महिला टीम का सामना चिर-प्रतिद्वंदी ऑस्ट्रेलिया से हो रहा है. लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे इस करो या मरो मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल का टिकट कटाने के लिहाज से यह मुकाबला बेहद अहम है. ग्रुप-ए के समीकरणों को देखते हुए भारतीय टीम के लिए यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं है. अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को हराने में कामयाब रहती है, तो वह ग्रुप-ए के टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर सीधे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.

इस मैच में शिकस्त मिलने का सीधा मतलब होगा कि भारतीय टीम का टी20 विश्व कप 2026 का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा. लॉर्ड्स की पिच पर बड़ा स्कोर खड़ा कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाना कप्तान हरमनप्रीत कौर की मुख्य रणनीति होगी. इस बड़े मुकाबले की अहमियत को देखते हुए दोनों ही टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया है.

भारत ने नंदिनी शर्मा को बाहर कर क्रांति गौड़ को प्लेइंग इलेवन में जगह दी.

भारतीय टीम में क्रांति गौड़ की वापसी
भारतीय टीम ने अपनी अंतिम एकादश में बदलाव करते हुए तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को वापस बुलाया है. उन्हें नंदनी शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया है. 22 वर्षीय क्रांति गौड़ ने टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों में हिस्सा लिया था, लेकिन वह कोई भी विकेट चटकाने में नाकाम रही थीं. दूसरी ओर, बाहर की गईं नंदनी शर्मा ने गुरुवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में एक विकेट अपने नाम किया था. इसके बावजूद, टीम मैनेजमेंट ने लॉर्ड्स की परिस्थितियों को देखते हुए क्रांति के अनुभव पर दोबारा भरोसा जताया है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम में फीबी लिचफील्ड शामिल
दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी गेंदबाजी को थोड़ा कम करते हुए बल्लेबाजी को मजबूती दी है. उन्होंने स्पिनर अलाना किंग की जगह शीर्ष क्रम की धाकड़ बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है. बाएं हाथ की यह बल्लेबाज इस मैच में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरेगी.

इतिहास रचने की दहलीज पर दीप्ति शर्मा
इस महामुकाबले में भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पर सभी की नजरें टिकी होंगी. दीप्ति न सिर्फ टीम को संतुलन देती हैं, बल्कि इस मैच में वह इतिहास रचने के बेहद करीब हैं. महिला क्रिकेट इतिहास की महानतम ऑलराउंडर्स में शुमार 28 वर्षीय दीप्ति शर्मा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रचने के लिए महज 1 विकेट की दरकार है. वर्तमान में दीप्ति शर्मा और भारत की पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संयुक्त रूप से 355-355 विकेट दर्ज हैं. आज के मैच में एक विकेट लेते ही दीप्ति, झूलन को पछाड़कर महिला क्रिकेट के इतिहास में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़.

ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वॉल, फीबी लिचफील्ड, एलिसे पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वारेहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला केरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article