Last Updated:
India tour of Ireland 2026: आयरलैंड क्रिकेट टीम ने क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारत के खिलाफ पहली बार इंटरनेशनल सीरीज जीत ली. बेलफास्ट में खेली गई दो टी20 इंटरनेशनल मैचों की इस सीरीज में आयरलैंड ने भारत का सूपड़ा साफ कर दिया. पहला मुकाबला 34 रन से जीता, जबकि दूसरे मैच में एक रन के करीबी अंतर से हराया.
भारतीय टीम रविवार को बड़ा उलटफेर का शिकार हो गई. टीम इंडिया ने सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को महज 1 रन के अंतर से गंवा दिया. इसी के साथ भारत को टी20 इतिहास में पहली बार आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए. जवाब में भारत निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सका. इससे पहले भारत ने 26 जून को इसी मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले मैच को 34 रन से गंवा दिया था.
नई दिल्ली. आयरलैंड क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए टीम इंडिया के खिलाफ पहली बार सीरीज पर कब्जा किया. भारतीय क्रिकेट में यह किसी बड़े ‘धब्बे’ से कम नहीं है. जो टीम भारत को कभी इंटरनेशनल मुकाबले में नहीं हरा पाई थी, उसने आज सीरीज जीत ली. अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए लोर्कन टकर की कप्तानी वाली आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत का क्लीन स्वीप किया. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम दोनों मुकाबले रनों का पीछा करते हुए हारी. इसी के साथ भारत की लगातार 16 टी20 सीरीज जीत का सिलसिला भी थम गया. दूसरे टी20 में विस्फोटक बल्लेबाजों से भरी भारतीय बैटिंग लाइनअप 155 रन का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर पाई. कई खिलाड़ियों का शर्मनाक प्रदर्शन भारत की इस हालत का असली जिम्मेदार रहा. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 खिलाड़ियों के बारे में…
श्रेयस अय्यर पूरी तरह रहे फ्लॉप
पहली बार बतौर कप्तान टी20 सीरीज खेलने उतरे श्रेयस अय्यर बैटिंग में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए. पहले मुकाबले में उनके बल्ले से सिर्फ तीन रन निकले, जबकि दूसरे मैच में 10 रन ही बना सके. आईपीएल में रनों का अंबार लगाकर भारतीय टी20 टीम में लौटे अय्यर से एक बल्लेबाज के रूप में धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा करने में सफल नहीं रहे.
सैमसन के बल्ले से नहीं निकले रन
श्रेयस अय्यर वाला हाल ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन का भी रहा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मुकाबलों में तूफानी बैटिंग से भारत की जीत सुनिश्चित करने वाले इस विस्फोटक बल्लेबाज ने दो मैचों में कुल 5 रन ही बनाए. ये रन उन्होंने पहले मैच में बनाए थे, क्योंकि दूसरे टी20 में वह खाता तक खोलने में कामयाब नहीं रहे. भारतीय मूल के जय मूंदड़ा ने सैमसन को पहली ही गेंद पर चलता कर दिया.
ईशान भी रंग में नहीं दिखे
तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले ईशान किशन का भी बल्लेबाजी में बुरा हाल रहा. उन्होंने दोनों मैचों में कुल 13 रन जोड़े. पहले मैच में सिर्फ एक रन बनाकर आउट होने के बाद इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने दूसरे टी20 में चौका लगाकर लय में लौटने की कोशिश की, लेकिन 12 रन बनाकर जय मूंदड़ा ने इन्हें भी पवेलियन की राह दिखा दी. ईशान ने 11 गेंदों का सामना करते हुए यह रन बनाए. कुल मिलाकर भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी इस सीरीज हार की बड़ी वजह रही.
इन दो खिलाड़ियों का भी शर्मनाक प्रदर्शन
पहले मुकाबले में दो खिलाड़ियों का शर्मनाक प्रदर्शन रहा, जहां मिली हार से भारत के सीरीज गंवाने की कहानी शुरू हुई. ये दो नाम वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा हैं. सुंदर ने पहले मैच में सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की और 19 रन लुटा दिए. इतना ही नहीं, वह बल्ले से भी असरदार नहीं दिखे. उन्होंने 12 गेंदों में 9 रन की बेहद धीमी बैटिंग करते हुए अपना विकेट गंवा दिया. इनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने महंगा स्पेल फेंकते हुए चार ओवर में बिना विकेट के 57 रन लुटाए. इन दोनों खिलाड़ियों को दूसरे मैच की प्लेइंग-11 से बाहर जरूर किया गया, लेकिन दुर्भाग्य से नतीजा नहीं बदला और आयरलैंड ने ऐतिहासिक सीरीज अपने नाम कर ली.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


