20.8 C
Munich

आयरलैंड से सीरीज खत्म, अब टीम इंडिया कब और किससे भिड़ेगी, नोट कर लीजिए शेड्यूल

Must read


होमखेलक्रिकेट

आयरलैंड से सीरीज खत्म, अब टीम इंडिया कब और किससे भिड़ेगी, नोट कर लीजिए शेड्यूल

Last Updated:

Indian Cricket Team Upcoming Matches: आयरलैंड से मिली करारी शिकस्त को पीछे छोड़ भारतीय क्रिकेट टीम अब इंग्लैंड फतह के बड़े मिशन पर है. इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच पांच टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस युवा ब्रिगेड में सबसे बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू है. यदि वैभव को मौका मिलता है, तो वह सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे. भारतीय टीम जुलाई में इंग्लैंड में 5 टी20 और तीन वनडे खेलेगी.

Zoom

भारतीय टीम अब इंग्लैंड का दौरा करेगी.

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम का आयरलैंड दौरा भले ही उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. मेजबान आयरलैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 2-0 से करारी शिकस्त दी, लेकिन अब टीम इंडिया इस कड़वी याद को पीछे छोड़कर एक बड़े और कड़े मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है. भारतीय टीम का अगला पड़ाव इंग्लैंड है, जहां उसे पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. यह दौरा न सिर्फ टीम इंडिया के लिए वापसी का बेहतरीन मौका है, बल्कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने का गवाह भी बनने जा रहा है.

इस पूरे दौरे पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें बिहार के समस्तीपुर से आने वाले महज़ 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए अपनी आतिशी बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले और ऑरेंज कैप अपने नाम करने वाले वैभव का इस दौरे पर डेब्यू पूरी तरह तय माना जा रहा है. यदि वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरने का मौका मिलता है, तो वह भारत के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे और भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. आईपीएल में 237 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 776 रन कूटने वाले इस खब्बू सलामी बल्लेबाज से इंग्लैंड की उछाल भरी पिचों पर भी इसी तरह के निडर खेल की उम्मीद होगी.

भारतीय टीम अब इंग्लैंड का दौरा करेगी.

इस रोमांचक और लंबे दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी20 सीरीज से होगी, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इंग्लिश शेरों को उनके घर में चुनौती देगी. दौरे का पहला टी20 मुकाबला 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रीवरसाइड मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे से दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. इसके तुरंत बाद, सीरीज का दूसरा टी20 मैच 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा. दोनों टीमों के पास परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने के लिए बहुत कम समय होगा क्योंकि तीसरा टी20 मैच 7 जुलाई को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेला जाना है, जिसकी शुरुआत रात 10:00 बजे होगी.

सीरीज जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, रोमांच अपने चरम पर होगा. चौथा टी20 मुकाबला 9 जुलाई को ब्रिस्टल के मैदान पर खेला जाएगा, जिसका समय भी रात 10:00 बजे निर्धारित किया गया है. इसके बाद, इस फटाफट फॉर्मेट की सीरीज का आखिरी और पांचवां टी20 मैच 11 जुलाई को साउथैम्पटन के यूटिलिटा बाउल में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा. यह पांच मैच तय करेंगे कि आयरलैंड में मिली हार के बाद भारतीय टीम का नया टी20 कॉम्बिनेशन कितनी जल्दी खुद को संभाल पाता है.

टी20 सीरीज के रोमांच के खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का बिगुल बजेगा. वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 16 जुलाई को खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा वनडे मैच 19 जुलाई को आयोजित होगा, जहां भारतीय टीम अपनी रणनीतियों को अमलीजामा पहनाना चाहेगी. दौरे का आखिरी और तीसरा वनडे मैच 22 जुलाई को खेला जाएगा, जिसके साथ ही भारतीय टीम का यह लंबा और महत्वपूर्ण इंग्लैंड दौरा समाप्त होगा.

भारतीय चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए युवाओं पर बड़ा भरोसा जताया है. सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और शिवम दुबे जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने का माद्दा रखते हैं. गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती जैसे अनुभवी चेहरे इंग्लिश बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे.

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन जैसे दिग्गजों ने पहले ही इंग्लैंड टीम को आगाह कर दिया है कि वैभव सूर्यवंशी जैसे युवाओं के आने से टी20 क्रिकेट का मिजाज बदल चुका है और अब 230 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता. हालांकि, उन्होंने वैभव की फील्डिंग को लेकर इंग्लैंड को भारत को पहले गेंदबाजी कराने की रणनीति अपनाने की सलाह भी दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम आयरलैंड की हार का बदला इंग्लैंड की धरती पर किस तरह लेती है और क्या 15 साल का यह बिहारी लाल इंग्लैंड के मैदानों पर अपना परचम लहरा पाता है.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article