Last Updated:
DC vs GT Turning Point: गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अंतिम ओवर तक ड्रामा बना रहा. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन चाहिए थे, जहां डेविड मिलर के छक्के ने जीत करीब ला दी थी. हालांकि, अंतिम गेंद पर जोस बटलर के सटीक थ्रो ने कुलदीप यादव को रन आउट कर गुजरात को 1 रन से ऐतिहासिक जीत दिलाई. राशिद खान की घातक गेंदबाजी और गिल-बटलर के अर्धशतकों ने इस हाई-वोल्टेज मैच में निर्णायक भूमिका निभाई.
दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच का टर्निंग पॉइंट.
नई दिल्ली. यह मैच का वह निर्णायक मोड़ था जिसने स्टेडियम में बैठे हर दर्शक की धड़कनें बढ़ा दी. गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स के इस मुकाबले का अंतिम ओवर किसी भी क्रिकेट फैंस के लिए किसी रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं था. अंतिम 6 गेंदों पर दिल्ली को जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी और कप्तान शुभमन गिल ने गेंद अनुभवी प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों में थमाई. गुजरात के लिए स्थिति और भी कठिन थी क्योंकि धीमी ओवर-गति के कारण उन पर जुर्माना लगाया गया था, जिसके चलते एक अतिरिक्त खिलाड़ी को 30-गज के घेरे के अंदर रहना पड़ा. ओवर की पहली ही गेंद पर युवा बल्लेबाज विप्रज निगम ने प्रसिद्ध की फुल लेंथ गेंद को मिड-ऑफ के ऊपर से लॉफ्ट करते हुए चौका जड़ा और समीकरण को 5 गेंदों में 9 रन पर ला खड़ा किया. ऐसा लगा कि दिल्ली आसानी से मैच जीत लेगी. लेकिन अगली ही गेंद पर प्रसिद्ध ने अपनी लेंथ में बदलाव किया और शॉर्ट पिच गेंद पर निगम को कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर गुजरात की वापसी कराई. इसके बाद कुलदीप यादव क्रीज पर आए और उन्होंने चतुराई से सिंगल लेकर ‘किलर’ डेविड मिलर को स्ट्राइक सौंप दी.
अब दिल्ली कैपिटल्स को 3 गेंदों में 8 रन चाहिए थे. चौथी गेंद प्रसिद्ध ने स्लॉट में डाली और मिलर ने इसे अपनी चिर-परिचित शैली में लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से पार्किंग एरिया में भेज दिया. गेंद छह रन के लिए स्टेडियम को पार कर गई. मिलर ने 106 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया. अब मुकाबला पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में था.सिर्फ 2 गेंदों में 2 रनों की जरूरत थी दिल्ली को जीतने के लिए. लेकिन पांचवीं गेंद पर जो हुआ, उसने मैच का रुख पलट दिया. प्रसिद्ध ने शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद फेंकी जिसे मिलर ने डीप स्क्वायर लेग की तरफ खेला. कुलदीप यादव सिंगल के लिए आधी क्रीज तक आ गए थे, लेकिन मिलर ने उन्हें वापस भेज दिया. मिलर खुद मैच खत्म करना चाहते थे, लेकिन यह एक रणनीतिक भूल साबित हुई. अब आखिरी गेंद पर 2 रनों की जरूरत थी. हार के बाद मिलर अपनी आंसुओं को रोक नहीं पाए.उन्होंने 20 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए.
दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच का टर्निंग पॉइंट.
अंतिम गेंद का हाई-वोल्टेज ड्रामा
अंतिम गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने एक सटीक स्लोअर शॉर्ट बॉल फेंकी. डेविड मिलर ने पुल करने की कोशिश की लेकिन पूरी तरह चूक गए. गेंद विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में गई और इस बीच कुलदीप यादव रन के लिए दौड़ पड़े. बटलर ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए सीधे थ्रो से कुलदीप को रन आउट कर दिया. मैदान पर सन्नाटा छा गया जब दिल्ली ने गेंद की ऊंचाई (Wide for height) के लिए रिव्यू लिया. दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल को लगा कि यह गेंद शायद वाइड थी. लेकिन तीसरे अंपायर ने तकनीक का सहारा लिया और बताया कि मिलर के सिर की ऊंचाई 1.87 मीटर थी जबकि गेंद 1.75 मीटर की ऊंचाई से गुजरी थी. अंपायर ने इसे वैध गेंद करार दिया और गुजरात टाइटंस ने इस असंभव से दिखने वाले मुकाबले को 1 रन से जीतकर इतिहास रच दिया. यह ओवर न केवल प्रसिद्ध कृष्णा की सटीक गेंदबाजी बल्कि जोस बटलर की फील्डिंग और मैच के दबाव को झेलने की गुजरात की क्षमता का परिचायक बना.
रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंच चुका था मुकाबला
रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर आईपीएल के इस सत्र में पहली जीत दर्ज की. जबकि केएल राहुल और डेविड मिलर की साहसिक पारियां भी दिल्ली को इस नाटकीय हार से बचा नहीं सकी. जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के लिये केएल राहुल ने 52 गेंद में 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 92 रन बनाए. दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिए थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले. डेविड मिलर (20 गेंद में नाबाद 40) ने उन्हें दो छक्के और दो चौके लगाकर दिल्ली को मैच में बनाए रखा. दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी. गुजरात के लिए अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद ने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट लिए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


