Last Updated:
CSK vs KKR Highlights: आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को शिकस्त देकर सीजन की लगातार दूसरी जीत दर्ज की. वहीं, केकेआर को अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश है. केकेआर ने 5 में से चार मैच गंवाए हैं. टीम एक अंक के साथ तालिका में सबसे नीचे है. वहीं, चेन्नई इस जीत के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने केकेआर को हराया.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 की खराब शुरुआत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत की लय हासिल कर ली है. दिल्ली कैपिटल्स को शिकस्त के बाद सीएसके ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए केकेआर को भी धूल चटाई. अपने घरेलू मैदान चेपॉक में सीजन का 22वां मुकाबला खेलते हुए रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके ने केकेआर को 33 रनों से हराया. संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे की तूफानी पारियों से 193 रनों का लक्ष्य देने के बाद सीएसके ने नूर अहमद के तीन विकेट से केकेआर को 160/7 रनों पर ही रोक दिया. सीएसके की टीम इस जीत के साथ चार अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, अजिंक्य रहाणे की अगुआई वाली केकेआर को अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश है. उसने 5 से चार मैच गंवाए हैं, जबकि एक अंक बारिश की वजह से रद्द हुए मुकाबले के चलते मिला. केकेआर की टीम सबसे नीचे है.
सैमसन-म्हात्रे का बोला बल्ला
पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही. रुतुराज 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, इसके बाद दूसरे विकेट के लिए संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला और 22 गेंदों में 47 रनों की अहम साझेदारी निभाई. आयुष 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाने के बाद आउट हुए. वहीं, संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन बनाए. सैमसन ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए.
चेन्नई ने जीता मुकाबला.
ब्रेविस ने भी दिखाया दम
सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 18 गेंदों में 23 रन बनाने के बाद सुनील नरेन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया. ब्रेविस ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए. अंत के ओवरों में शिवम दुबे संघर्ष करते हुए नजर आए और वह 12 गेंदों में 13 और जेमी ओवरटन 7 रन बनाकर नाबाद रहे. बात करें केकेआर की गेंदबाजी की कार्तिक त्यागी ने 35 रन देकर टीम के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन ने एक-एक विकेट निकाला. वैभव अरोड़ा और कैमरन ग्रीन काफी महंगे साबित हुए, जिससे सीएसके के बल्लेबाज स्कोर को 190 के पार ले जाने में कामयाब रहे.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


