Last Updated:
Pahalgam News: पहलगाम पर्यटकों के लिए एक आकर्ष पर्यटन स्थल रहा है. पिछले साल हुए अमानवीय आतंकवादी हमले से अलग सा माहौल बना था, लेकिन अब यह एक बार फिर से बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनता जा रहा है. यहां आने वाले पर्यटक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी काफी आश्वस्त दिखे हैं.
पहलगाम में एक बार फिर से टूरिस्ट्स की आमद धीरे-धीरे बढ़ने लगी है. (फाइल फोटो/Reuters)
महिला पर्यटकों के ग्रुप में शामिल प्रवीणा ने बताया कि पहलगाम पहुंचने के बाद उनकी कई धारणाएं बदल गईं. उन्होंने कहा, ‘यहां भीड़ थोड़ी कम है, लेकिन माहौल बहुत अच्छा है. हालात पहले से बेहतर नजर आते हैं और हमें यहां पूरी तरह सुरक्षित महसूस हो रहा है.’ प्रवीणा ने स्वीकार किया कि कश्मीर को लेकर उनके मन में पहले अलग तरह की सोच थी, लेकिन यहां आकर वह पूरी तरह गलत साबित हुई. ग्रुप के साथ आईं सोनाक्षी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए जिंदगी भर याद रहने वाली है. उन्होंने कहा, ‘मैं अपने दोस्तों को जरूर बताऊंगी कि यहां जरूर आना चाहिए. कश्मीर बेहद खूबसूरत है, यहां के पहाड़ और नजारे अद्भुत हैं.’
‘पहलगाम में हम बिल्कुल सुरक्षित’
पर्यटकों के इस ग्रुप में शामिल एक अन्य ट्रैवलर सराशी ने स्थानीय लोगों के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा, ‘यहां के लोग बहुत मददगार हैं. हमने यहां खूब खरीदारी की और हर जगह लोगों का सहयोग मिला. हमें कहीं भी असुरक्षित महसूस नहीं हुआ.’ उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का दोस्ताना रवैया पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाता है. महिला समूह ने अपनी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी संतोषजनक बताया. उनका कहना था कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखाई देते हैं, जिससे पर्यटकों में विश्वास बढ़ता है. उन्होंने कहा, ‘हम यहां बिल्कुल सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. सरकार द्वारा किए गए इंतजाम साफ नजर आते हैं.’
पहलगाम में टूरिज्म फिर से गुलजार होने लगा है.
संदेश साफ
इस समूह ने अन्य लोगों को भी कश्मीर घूमने के लिए प्रोत्साहित किया. उनका संदेश साफ था कि कश्मीर अब पूरी तरह सुरक्षित और पर्यटन के लिए उपयुक्त है. उन्होंने कहा, ‘हर किसी को कश्मीर जरूर आना चाहिए. यहां के सभी स्थान सुरक्षित हैं और जो लोग अब तक यहां नहीं आए हैं, उन्हें कम से कम एक बार जरूर आना चाहिए.’ महिलाओं के इस समूह का अनुभव यह दर्शाता है कि कश्मीर में पर्यटन धीरे-धीरे फिर से रफ्तार पकड़ रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां पहुंच रहे हैं. पहलगाम जैसे पर्यटन स्थल न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध हैं, बल्कि अब सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण भी पर्यटकों का विश्वास जीत रहे हैं. इन महिला पर्यटकों का अनुभव कश्मीर की बदलती तस्वीर को उजागर करता है, जहां खूबसूरती के साथ-साथ सुरक्षा और मेहमाननवाजी भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है.
पूरे देश को झकझोरने वाला अटैक
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे. इसे 2008 के मुंबई हमलों के बाद भारत में नागरिकों पर सबसे घातक हमला माना गया. कम से कम तीन हथियारबंद आतंकवादी बैसरन घाटी इलाके में घुसे थे. हमलावरों के पास M4 कार्बाइन और AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार थे. उन्होंने आसपास के जंगलों के रास्ते घाटी में प्रवेश किया और वहां मौजूद पर्यटकों को निशाना बनाया. इस हमले की जिम्मेदारी पहले ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी माना जाता है. पर्यटकों के इस नरसंहार के बाद पहलगाम एक बार फिर से गुलजार होने लगा है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें


