Last Updated:
RCB vs LSG Highlights: आरसीबी ने अपने पांचवें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की.आरसीबी की आईपीएल 2026 में यह चौथी जीत है. विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए जबकि गेंदबाजी में तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार और भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की बॉलिंग की.
आरसीबी ने एलएसजी को हराकर दर्ज की चौथी जीत.
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराकर आईपीएल में अपनी चौथी जीत दर्ज की. एलएसजी की ओर से रखे गए 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 15.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए. आरसीबी की पांच मैचों में यह चौथी जीत है. रजत पाटीदार की टीम इस जीत के साथ पॉइंट टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई. आरसीबी के 8 अंक हो गए हैं. राजस्थान रॉयल्स के भी पांच मैचों में आठ अंक हैं लेकिन बेहतर नेटरन रेट के आधार पर आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़कर नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. विराट कोहली के साथ ओपनिंग में उतरे फिल साल्ट सस्ते में पवेलियन लौट गए. उन्होंने आठ गेंदों पर सात रन बनाए. सॉल्ट को तेज गेंदबाज प्रिंंस यादव ने आउट किया. इसके बाद कोहली का साथ देने आए देवदत्त पडिक्कल. हालांकि पडिक्कल भी जल्दी पवेलियन लौट गए. पडिक्कल ने 11 गेंदों पर 10 रन बनाए. इसके बाद क्रीज पर आए कप्तान रजत पाटीदार. पाटीदार ने 13 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली जबकि विराट कोहली 34 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए. जितेश शर्मा ने 9 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली जबकि टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड एक समान 14-14 रन बनाकर नाबाद लौटे.
आरसीबी ने एलएसजी को हराकर दर्ज की चौथी जीत.
इससे पहले, रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की तूफानी गेंदबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को 146 रन पर समेट दिया. रसिख (24 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर (27 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर ऑल आउट हो गई. क्रुणाल पंड्या ने भी 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए. सुपर जाइंट्स की ओर से ओपनर मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन तीनों में से कोई भी अच्छी शुरुआत को बड़ी परी में नहीं बदल पाया.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. मार्श और एडेन मारक्रम (12) ने सतर्क शुरुआत की. मार्श ने भुवनेश्वर की गेंद को स्टेडियम के बाहर भेजा. मारक्रम ने भी रसिख का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन फिर इसी तेज गेंदबाज की फुलटॉस को कवर में देवदत्त पडिक्कल के हाथों में खेल गए. कप्तान ऋषभ पंत अगले ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए जब जोश हेजलवुड (20 रन पर एक विकेट) की गेंद उनके बाएं हाथ की कोहनी में लगी.
सुपर जाइंट्स की टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 35 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र में टीम का शुरुआती छह ओवर में सबसे कम स्कोर है. निकोलस पूरन की खराब फॉर्म भी जारी रही और वह सात गेंद में सिर्फ एक रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद को विकेटों पर खेल गए. मार्श ने कृणाल पर चौके और छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. बडोनी ने कृणाल की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन मार्श इस स्पिनर की गेंद को विकेटों पर खेल गए. उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे.
मुकुल चौधरी एक बार फिर अच्छी लय में नजर आए. उन्होंने क्रुणाल पर चौके से खाता खोलने के बाद इस स्पिनर के अगले ओवर में छक्का भी मारा. बडोनी ने रसिख पर चौका मारा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर जितेश शर्मा को कैच दे बैठे. उन्होंने 24 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. बडोनी के आउट होने पर पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन सिर्फ एक रन बनाने के बाद भुवनेश्वर की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे. भुवनेश्वर ने जॉर्ज लिंडे (07) और मोहम्मद शमी (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि रसिख ने मुकुल और आवेश खान (01) को पवेलियन भेजकर सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


