Last Updated:
Hardoi Latest News: हरदोई में आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान की एक गोष्ठी के दौरान गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश और उनके ब्लॉक प्रमुख बेटे ने मंच से विपक्ष और विरोधियों पर तीखे बयान दे दिए. विधायक ने इशारों-इशारों में विरोधियों पर निशाना साधते हुए कड़ी टिप्पणी की, वहीं उनके बेटे ने भी मंच से सख्त लहजे में चेतावनी दे डाली, जिससे कार्यक्रम का माहौल चर्चा का विषय बन गया.
गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश.
हरदोई: यूपी में हरदोई जिले के टड़ियावां ब्लॉक सभागार में डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी उस समय पूरी तरह राजनीतिक रंग में बदल गई, जब मंच से गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश और उनके ब्लॉक प्रमुख बेटे ने विरोधियों पर खुलकर हमला बोल दिया. कार्यक्रम का मकसद समाज में बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना बताया गया था, लेकिन मंच पर दिए गए बयानों ने माहौल को गरमा दिया.
विधायक श्याम प्रकाश ने बिना किसी दल का नाम लिए इशारों-इशारों में तीखा वार करते हुए कहा कि जो लोग भाजपा के सहारे आगे बढ़े हैं, वही आज पार्टी को आंख दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी ‘गलतफहमी’ में रहने वाले लोग अपनी हकीकत समझ लें कि वे किसके सहारे खड़े हैं. गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने भीम आर्मी का नाम लिए बिना कहा कि हमारे ही टुकड़ों पर पलने वाली एक और पार्टी हमको ही आंख दिखाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि गलत फहमी दूर कर लें. विधायक ने आगे अनुसूचित जाति समाज को लेकर भी बड़ा बयान दिया.
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कई राजनीतिक दलों ने इस समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, जबकि वास्तविक सम्मान और विकास कार्य भारतीय जनता पार्टी ने किया है. उनके मुताबिक, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जमीन पर उतारने का काम भी बीजेपी ने ही किया है. इसी दौरान उनके ब्लॉक प्रमुख बेटे ने मंच से और भी सख्त लहजे में चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि गुंडई करने की आदत छोड़ दें, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें. उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई और माहौल कुछ देर के लिए गरमाता नजर आया.
विधायक ने अंत में कहा कि समाज को अब शिक्षा, संगठन और विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, न कि भावनात्मक राजनीति के बहकावे में आना चाहिए. उन्होंने यह भी जोड़ा कि आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाने के लिए सही दिशा में सोचने की जरूरत है. गोष्ठी में दिए गए इन तीखे बयानों के बाद अब राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें


