Last Updated:
Vaibhav Sooryavanshi 1 years Completed in IPL: राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने आज आईपीएल में अपना एक साल पूरा कर लिया. 13 साल की उम्र में करोड़ों का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने से लेकर जसप्रीत बुमराह जैसे घातक गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने तक, इस युवा खब्बू बल्लेबाज ने वो कर दिखाया है जो अच्छे-अच्छे दिग्गज अपने पूरे करियर में नहीं कर पाते. पढ़िए, वैभव के उन 10 रिकॉर्ड्स की कहानी जिन्होंने आईपीएल का इतिहास बदल दिया.
आज से ठीक एक साल पहले, 19 अप्रैल 2025 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में जब एक दुबला-पतला 14 साल का लड़का राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरा था, तो किसी ने नहीं सोचा था कि अगले 365 दिनों में वह क्रिकेट की किताबों के पन्ने पलट देगा. बिहार से निकलकर आईपीएल के ग्लैमरस गलियारों तक का सफर तय करने वाले वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) आज अपना पहला आईपीएल एनिवर्सरी मना रहे हैं.

राजस्थान रॉयल्स ने जब 2025 की मेगा नीलामी में इस 13 वर्षीय खिलाड़ी पर 1.10 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी, तब कई सवाल उठे थे. लेकिन आज उन सवालों की जगह तालियों की गड़गड़ाहट ने ले ली है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू से लेकर आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी तक, वैभव ने खुद को ‘फ्यूचर सुपरस्टार’ साबित किया है.

आईपीएल इतिहास के सबसे युवा अनुबंधित खिलाड़ी वैभव ने तब इतिहास रचा जब वह आईपीएल नीलामी में बिकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने. राजस्थान रॉयल्स ने 2025 की नीलामी में उन पर 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए, उस समय उनकी उम्र महज 13 साल थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे कम उम्र में आईपीएल डेब्यू (Youngest Debutant) 19 अप्रैल 2025 को जब वैभव लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान पर उतरे, तो उनकी उम्र 14 साल और 23 दिन थी. इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का सर्वकालिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

टी20 और आईपीएल में सबसे युवा शतकवीर 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव ने जो किया, वह अकल्पनीय था. उन्होंने महज 14 साल और 32 दिन की उम्र में 101 रनों की पारी खेली। वे दुनिया के किसी भी आधिकारिक टी20 मैच में शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए.

किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज आईपीएल शतक वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ केवल 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने युसूफ पठान के 15 साल पुराने रिकॉर्ड (37 गेंद बनाम मुंबई इंडियंस, 2010) को ध्वस्त कर दिया. अब आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं.

एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड (भारतीय) अपनी 101 रनों की उस ऐतिहासिक पारी में वैभव ने 11 गगनचुंबी छक्के जड़े. इसके साथ ही उन्होंने मुरली विजय (127 रन बनाम राजस्थान, 2010) के एक मैच में किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

डेब्यू सीजन का ‘सुपर स्ट्राइकर’ अपने पहले आईपीएल सीजन (2025) में वैभव ने केवल 7 मैच खेले, लेकिन उन मैचों में उन्होंने 206.55 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए. इस अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के लिए उन्हें उस सीजन का ‘सुपर स्ट्राइकर’ घोषित किया गया.

आईपीएल 2026 का सबसे तेज अर्धशतक वैभव का बल्ला आईपीएल 2026 में भी नहीं रुका. सीजन के पहले ही मैच में (30 मार्च 2026) उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया, जो इस सीजन की सबसे तेज फिफ्टी रही.

दो अलग-अलग मैदानों पर 15 गेंदों में फिफ्टी वैभव ने अपनी निरंतरता साबित करते हुए गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ भी मात्र 15 गेंदों में 50 रन पूरे किए. यह उनकी बेखौफ बल्लेबाजी का सबसे बड़ा प्रमाण था.

बुमराह के खिलाफ पहली गेंद पर छक्का 7 अप्रैल 2026 को एक ऐसा पल आया जिसे क्रिकेट प्रेमी कभी नहीं भूलेंगे. दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलते हुए वैभव ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. उन्होंने उस ओवर में बुमराह को कुल 2 छक्के लगाए.

15 साल की उम्र से पहले 500 से अधिक रन अपने डेब्यू से लेकर आज अपनी पहली एनिवर्सरी तक, वैभव ने दो सीजन के कुछ हिस्सों को मिलाकर 15 साल की उम्र पार करने से पहले ही आईपीएल में 500 से अधिक रन बनाने का कारनामा किया है, जो विश्व क्रिकेट में एक अनूठा उदाहरण है.


