3.4 C
Munich

‘सरपंच’ की दहाड़ और भुवी की स्विंग… आईपीएल 2026 के वो 5 खिलाड़ी, जो टीम इंडिया में कमबैक को हैं तैयार

Must read


होमखेलक्रिकेट

‘सरपंच’ की दहाड़ और भुवी की स्विंग, 5 खिलाड़ी टीम इंडिया में कर सकते हैं कमबैक

Last Updated:

5 cricketer can comeback in team india after ipl 2026: आईपीएल का 19वां सीजन अनुभवी खिलाड़ियों के लिए ‘पुनर्जन्म’ का मंच बन गया है. श्रेयस अय्यर की तूफानी बल्लेबाजी से लेकर भुवनेश्वर कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी तक, ये पांच दिग्गज अपनी शानदार फॉर्म से चयनकर्ताओं का दरवाजा खटखटा रहे हैं. दिनेश कार्तिक की राह पर चलते हुए, ये खिलाड़ी आगामी आयरलैंड और जिम्बाब्वे दौरे के लिए नीली जर्सी में वापसी के प्रबल दावेदार बन चुके हैं. जानिए इन सितारों के चौंकाने वाले आंकड़े.

Zoom

these 5 cricketer who comeback in team india, Shreyas Iyer, Mohammed Shami, Krunal Pandya, Prasidh Krishna, Bhuvneshwar Kumar, 5 players comeback Indian team after ipl, Shreyas iyer can comeback in team india, 5 Indian cricketer ipl ke baad team india mein kar sakte hai wapsi, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद शमी, इंडियन टीम, भारतीय क्रिकेट टीम

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में कहावत है कि नीली जर्सी का रास्ता अक्सर रंगीन कपड़ों वाले इस टूर्नामेंट से होकर गुजरता है. इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन इस समय अपने पूरे शबाब पर है और यह सिर्फ रनों या विकेटों की जंग नहीं, बल्कि कई दिग्गजों के लिए ‘पुनर्जन्म’ का मंच बन चुका है. दिनेश कार्तिक का वह ऐतिहासिक कमबैक आज भी सबके जेहन में ताजा है, जब उन्होंने अपनी फिनिशिंग स्किल के दम पर ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप का टिकट कटाया था. साल 2026 में भी कहानी वैसी ही है. टीम इंडिया को इस साल के अंत में आयरलैंड और जिम्बाब्वे का दौरा करना है और चयनकर्ताओं की पैनी नजरें उन अनुभवी खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जो टीम से बाहर तो हुए लेकिन हार नहीं मानी. आइए नजर डालते हैं उन पांच धुरंधरों पर, जो अपनी आईपीएल परफॉर्मेंस से टीम इंडिया के दरवाजे पर फिर से दस्तक दे रहे हैं.

पंजाब किंग्स के खेमे में ‘सरपंच’ के नाम से मशहूर श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) इस समय अपने करियर के सबसे शानदार दौर से गुजर रहे हैं. पिछले कुछ महीने उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे, जहां चोट ने उन्हें मैदान से दूर रखा. लेकिन वापसी के बाद अय्यर ने जिस तरह का प्रहार किया है, वह काबिले तारीफ है. आईपीएल 2026 के शुरुआती पांच मुकाबलों में ही उन्होंने 203 रन बनाए हैं. सबसे खास बात उनका स्ट्राइक रेट है, जो 187.96 के करीब बना हुआ है. इसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं, जो बताते हैं कि वह अब सिर्फ पारी को संभालने वाले बल्लेबाज नहीं बल्कि मैच विनर बनकर उभरे हैं. साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार भारतीय जर्सी पहनने वाले अय्यर ने अपनी फिटनेस और फॉर्म से साफ कर दिया है कि मिडिल ऑर्डर में उनके अनुभव की कमी टीम इंडिया को खल रही है.

रफ्तार और अनुभव का संगम मोहम्मद शमी
करीब एक साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है जब मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. घुटने की समस्या ने उनकी रफ्तार पर ब्रेक जरूर लगाया था, लेकिन उनके हौसले पर नहीं. लखनऊ सुपर जायंट्स की नई जर्सी में शमी अपनी पुरानी लय वापस पा चुके हैं. घरेलू क्रिकेट में पसीना बहाने के बाद वह अब आईपीएल में विपक्षी बल्लेबाजों के लिए काल बन रहे हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 2 विकेट झटकना यह साबित करता है कि आज भी वह पावरप्ले में दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों में से एक हैं. पांच मैचों में चार विकेट भले ही आंकड़ों में कम लगें, लेकिन उनकी सटीक लाइन और लेंथ बता रही है कि वह आगामी टी20 दौरों के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

आरसीबी का भरोसेमंद ‘संकटमोचक’ क्रुणाल पांड्या
जब बात क्लच खिलाड़ियों की आती है, तो क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) का नाम सबसे ऊपर आता है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सेटअप में पिछले साल से शामिल हुए इस बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने अपनी उपयोगिता को बार-बार साबित किया है. क्रुणाल न केवल बल्ले से बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं, बल्कि गेंद के साथ उनकी कंजूसी विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का काम करती है. आईपीएल 2026 में वह अब तक 8 विकेट लेकर सर्वाधिक विकेट लेने वालों की टॉप-10 सूची में जगह बनाए हुए हैंय. साल 2021 के बाद से वह भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं, लेकिन जिस निरंतरता के साथ वह बेंगलुरु के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे नजरअंदाज करना चयनकर्ताओं के लिए मुश्किल होगा.

गुजरात टाइटंस का नया ‘पर्पल’ हथियार प्रसिद्ध कृष्णा
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने पिछले सीजन में पर्पल कैप जीतकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया था, लेकिन भारतीय टीम में उनकी वापसी का इंतजार अभी भी खत्म नहीं हुआ है। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए इस सीजन में भी वह आग उगल रहे हैं. शुरुआती पांच मैचों में ही 11 विकेट लेकर वह अपनी टीम के मुख्य हथियार बन गए हैं. साल 2023 के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद से वह चयन से बाहर रहे हैं. उनकी हाइट और एक्स्ट्रा बाउंस भारतीय टीम के लिए जिम्बाब्वे जैसी पिचों पर काफी प्रभावी साबित हो सकती है. अगर उनकी यह विकेट लेने की भूख जारी रही, तो उनका कमबैक महज एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा.

स्विंग के किंग की वापसी की गूंज
मॉडर्न एरा के स्विंग स्पेशलिस्ट भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘क्लास इज परमानेंट’. पिछले साल आरसीबी को खिताब जिताने में उनकी गेंदबाजी का बड़ा हाथ था और 19वें सीजन में भी उन्होंने अपनी उसी धार को बरकरार रखा है. फिलहाल वह 10 विकेटों के साथ इस सीजन के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं. साल 2022 में नेपियर के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी टी20 मैच खेलने वाले भुवी के पास न केवल नई गेंद को हिलाने की कला है, बल्कि डेथ ओवर्स में भी वह काफी चतुर हो गए हैं. उनकी इकॉनमी रेट और अहम मौकों पर विकेट निकालने की काबिलियत उन्हें दोबारा नीली जर्सी का प्रबल दावेदार बनाती है.

सेलेक्टर्स को दिया मैसेज
ये पांचों खिलाड़ी केवल आंकड़े नहीं बना रहे, बल्कि चयनकर्ताओं को यह संदेश दे रहे हैं कि उनके पास अभी काफी क्रिकेट बाकी है. यदि ये दिग्गज अपनी इस फॉर्म को सीजन के अंत तक जारी रखते हैं, तो हमें हैरानी नहीं होनी चाहिए अगर आयरलैंड या जिम्बाब्वे दौरे पर इनमें से कई चेहरे फिर से भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएं. आईपीएल एक बार फिर साबित करने जा रहा है कि ढलते हुए सूरज को फिर से चमकने का मौका यहीं मिलता है.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article