Last Updated:
Ram Lala Surya Tilak: रामनवमी के पावने मौके पर अयोध्या के राम मंदिर में भगवान रामलला का सूर्य तिलक किया गया. मंदिर में मौजूद श्रद्धालु तो इस अद्भुत क्षण के साक्षी बने ही, टीवी पर भी बड़ी तादाद में देश और दुनियाभर के लोगों ने रामलला के सूर्य तिलक का दर्शन किया. पीएम मोदी ने भी टीवी पर इस अद्भुत क्षण को देखा.
पीएम मोदी ने अयोध्या में भगवान रामलला के सूर्य तिलक को टीवी पर लाइव देखा.
Ram Lala Surya Tilak: देशभर में आज रामनवमी का त्योहार पूरी श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा है. अयोध्या में भगवान रामलला के मंदिर में भी इस पावन मौके पर खास उत्साह देखा जा रहा है. इस मौके पर भगवान रामलला का सूर्य तिलक किया गया. इस अद्भुत दृश्य को पूरी दुनिया ने देखा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने. पीएम मोदी ने टीवी पर लाइव भगवान रामलला के सूर्य तिलक को देखा. एक तस्वीर में पीएम मोदी को हाथ जोड़े देखा जा सकता है. यह वो पल था, जब भगवान रामलला का सूर्य तिकल हो रहा था.
रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार दोपहर ठीक 12 बजे अभिजीत मुहूर्त के दौरान प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया गया. प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह भगवान रामलला का दूसरा सूर्य तिलक है, जिसमें कुछ मिनटों तक सूर्य की नीली किरणें उनके ललाट पर पड़ती रहीं. इस अलौकिक दृश्य को साकार करने के लिए बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने विशेष उपकरणों का निर्माण किया था, जिनका परीक्षण 24 मार्च को ही पूरा कर लिया गया था. रामनवमी के इस विशेष अवसर पर भगवान को पीले रंग के वस्त्र पहनाए गए और जन्मोत्सव के समय गर्भगृह में 14 विशेष पुजारी मौजूद रहे. सूर्य देव की किरणों को दर्पण और लेंस के जरिए परावर्तित कर सीधे रामलला के मस्तक तक पहुंचाया गया. बता दें कि PM मोदी ने भी रामलला के दर्शन किए. रामनवमी के अवसर पर उन्होंने भगवान राम की पूजा-अर्चना की और राम मंदिर में ‘सूर्य तिलक’ अनुष्ठान देखा. पीएमओ की ओर से एक तस्वीर जारी की गई है जिसमें प्रधानमंत्री लाइव टीवी पर राम मंदिर में हो रहे अनुष्ठान को देख रहे हैं.
सीएम योगी क्या बोले
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सूर्यवंश शिरोमणि प्रभु श्री रामलला के दिव्य भाल पर विराजित यह स्वर्णिम ‘सूर्य तिलक’ आस्था, आत्मगौरव और अध्यात्म का आलोक है. उन्होंने कहा कि यह तिलक सनातन संस्कृति की शाश्वत चेतना को जागृत करता हुआ, भारत के जन-जन के हृदय में श्रद्धा, शक्ति और स्वाभिमान का संकल्प-सूर्य प्रज्वलित कर रहा है. यह भारत को उसकी मूल आत्मा से पुनः जोड़ रहा है. सीएम योगी ने आगे कहा कि प्रभु श्री राम के दिव्य ‘सूर्य तिलक’ का आलोक ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्पों को दिशा दे रहा है, क्योंकि जहां राम हैं, वहीं राह है, और वहीं भारत उजास बनकर जगमगाता है.
वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा
वैज्ञानिकों की मेहनत और राम-त्व का संगम बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने सूर्य की गति का गहन अध्ययन कर ये खास उपकरण तैयार किए हैं. श्री राम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट के अनुसार, इन उपकरणों की डिजाइन ऐसी है कि अगले 19 सालों तक सूर्य की गति में होने वाले बदलावों के बावजूद किसी छेड़छाड़ की जरूरत नहीं होगी. दोपहर 12 बजे जैसे ही सूर्य की किरणें मंदिर के ऊपरी हिस्से से टकराईं, वे परावर्तित होकर सीधे रामलला के ललाट पर तिलक के स्वरूप में उभर आईं. इस पूरे नजारे को कैद करने के लिए मंदिर परिसर में 6 विशेष कैमरे लगाए गए थे और दूरदर्शन समेत सोशल मीडिया पर इसका सीधा प्रसारण किया गया.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें





