Last Updated:
Mohammad Nawaz drug test fails: पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान ‘रिक्रिएशनल ड्रग’ टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं, जिससे क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है. आईसीसी की रिपोर्ट के बाद पीसीबी ने आधिकारिक जांच शुरू कर दी है. इस विवाद के चलते नवाज का सरे काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ होने वाला करार रद्द हो गया है.32 वर्षीय नवाज पर अब लंबे प्रतिबंध का खतरा मंडरा रहा है, जो उनके इंटरनेशनल करियर को समय से पहले खत्म कर सकता है.
मोहम्मद नवाज ड्रग टेस्ट में फेल.
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर मैदान के बाहर के विवादों के कारण सुर्खियों में है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हुए रूटीन टेस्ट ने पाकिस्तानी खेमे में खलबली मचा दी है. टीम के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ‘रिक्रिएशनल ड्रग्स’के सेवन के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं. इस खुलासे के बाद न केवल उनका करियर दांव पर लग गया है, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भी इंटरनेशनल स्टेज पर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है.
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी (ICC) द्वारा वर्ल्ड कप के दौरान की गई नियमित जांच में नवाज का नमूना पॉजिटिव पाया गया. इस खबर की पुष्टि होते ही पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है. 32 वर्षीय मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz) ने श्रीलंका में आयोजित हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सभी सात मैचों में हिस्सा लिया था. हालांकि, टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वे ‘सुपर 8’ चरण से ही बाहर हो गए थे. नवाज का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी औसत रहा, जहां उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में केवल 15 रन बनाए और सात विकेट चटकाए.
मोहम्मद नवाज ड्रग टेस्ट में फेल.
पीसीबी ने जारी किया बयान
बुधवार को पीसीबी के एक प्रवक्ता ने इस गंभीर मसले पर बयान जारी करते हुए कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस मामले से अवगत कराया है. बोर्ड ने अपनी नियमानुसार प्रक्रिया शुरू कर दी है और इस जांच के परिणामों से आज ही आईसीसी को सूचित कर दिया जाएगा. यह मामला ऐसे समय पर आया है जब पाकिस्तानी क्रिकेट अपनी खोई हुई साख वापस पाने की कोशिश कर रहा है. नवाज जैसे अनुभवी खिलाड़ी का नाम ड्रग्स विवाद में आना टीम के अनुशासन पर बड़े सवाल खड़े करता है.
करियर पर अनिश्चितता के बादल और सरे (Surrey) से छिना करार
मोहम्मद नवाज पाकिस्तान के व्हाइट-बॉल सेटअप का एक अहम हिस्सा रहे हैं. 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुभव के साथ उन्हें टीम में बाएं हाथ की स्पिन और निचले क्रम की उपयोगी बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है. लेकिन इस विवाद ने उनके करियर को एक ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां से वापसी आसान नहीं होगी. इस डोपिंग विवाद का असर तुरंत नवाज के अंतरराष्ट्रीय और विदेशी लीग के भविष्य पर दिखने लगा है.
सरे काउंटी से बाहर
नवाज को इस गर्मी में टी20 ब्लास्ट (T20 Blast) के लिए इंग्लैंड के प्रसिद्ध क्लब ‘सरे काउंटी क्रिकेट क्लब’ के साथ जुड़ना था. उन्हें इसके लिए पीसीबी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी मिल चुका था. रिपोर्टों के अनुसार, ड्रग टेस्ट की खबर सामने आते ही सरे के साथ उनका करार टूट गया है. अब वे इस सीजन में काउंटी क्रिकेट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.
भविष्य खतरे में
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर जांच के बीच भी मोहम्मद नवाज पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तांस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. कराची में रावलपिंडी के खिलाफ हुए हालिया मैच में उन्होंने तीन ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. हालांकि उनकी टीम ने यह मैच 6 विकेट से जीत लिया, लेकिन नवाज के चेहरे पर मंडराता खतरा साफ देखा जा सकता है. एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में सजा के कड़े प्रावधान हैं. यदि जांच में नवाज को दोषी पाया जाता है, तो उन पर निम्नलिखित कार्रवाई हो सकती है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उन पर एक या दो साल का प्रतिबंध लग सकता है. पीसीबी उन पर भारी जुर्माना लगा सकता है और भविष्य के लिए उनके केंद्रीय अनुबंध को रद्द कर सकता है. 32 साल की उम्र में लंबा प्रतिबंध नवाज के करियर को समय से पहले खत्म कर सकता है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


