Last Updated:
उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों और जोड़ों में दर्द व कमजोरी आम समस्या बन जाती है, लेकिन सही खानपान और दिनचर्या से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है. डॉक्टरों के अनुसार, रोजाना एक्सरसाइज के बाद दूध पीना और उसमें ड्राई फ्रूट्स मिलाकर सेवन करना हड्डियों को मजबूत बनाता है और जोड़ों में लुब्रिकेशन बनाए रखता है. साथ ही हल्की मालिश और नियमित व्यायाम से दर्द में राहत मिलती है और शरीर एक्टिव बना रहता है.
अगर उम्र बढ़ने के साथ आपके शरीर में जकड़न, जोड़ों में दर्द या हड्डियों में कमजोरी महसूस होने लगी है, तो यह सामान्य बात है, लेकिन सही देखभाल से इन समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है. जैसे-जैसे बुढ़ापा आता है, शरीर में कैल्शियम की कमी, हड्डियों का कमजोर होना और जोड़ों में लचीलापन कम होना शुरू हो जाता है. कई लोगों को फ्रैक्चर, डिस्क से जुड़ी समस्याएं या ऑस्टियोपोरोसिस जैसी दिक्कतें भी होने लगती हैं.
हड्डियों को मिलती है मजबूती
ऐसी स्थिति में सबसे जरूरी है कि आप अपनी दिनचर्या और खानपान पर विशेष ध्यान दें. दूध को हड्डियों के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, लेकिन उसका सही तरीके से सेवन करना भी जरूरी है. डॉक्टर रिद्धि पांडे ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि अगर आप रोजाना व्यायाम करते हैं, तो कसरत के लगभग आधे घंटे बाद एक गिलास दूध जरूर पीना चाहिए. इससे शरीर को जरूरी पोषण मिलता है और मांसपेशियों तथा हड्डियों को मजबूती मिलती है.
जोड़ों में बना रहता है लुब्रिकेशन
आगे डॉक्टर पांडे ने बताया कि दूध को और अधिक पौष्टिक बनाने के लिए उसमें भीगे हुए खजूर या ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू और मखाने मिलाए जा सकते हैं. आप इन ड्राई फ्रूट्स को एक चम्मच घी में हल्का फ्राई करके दूध के साथ ले सकते हैं. इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और जोड़ों में लुब्रिकेशन बना रहता है, जिससे मूवमेंट आसान होता है और दर्द की संभावना कम होती है. यह मिश्रण विशेष रूप से उम्रदराज लोगों के लिए बहुत लाभकारी होता है.
मांसपेशियों को देता है आराम
डॉक्टर रिद्धि ने बताया कि अगर आपको शुरुआती स्तर पर ही जोड़ों या मांसपेशियों में दर्द महसूस हो रहा है, तो घरेलू उपाय भी काफी असरदार हो सकते हैं. सरसों के तेल को हल्का गर्म करके उसमें थोड़ा सेंधा नमक मिलाकर मालिश करने से दर्द में राहत मिलती है. यह उपाय रक्त संचार को बेहतर बनाता है और मांसपेशियों को आराम देता है.
जोड़ों की समस्याओं में करते हैं मदद
वहीं, उन्होंने बताया कि इसके अलावा, हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना भी बहुत जरूरी है. नियमित शारीरिक गतिविधि से हड्डियां मजबूत रहती हैं और शरीर सक्रिय बना रहता है. बता दें कि संतुलित आहार, सही समय पर दूध का सेवन, ड्राई फ्रूट्स का उपयोग, हल्की मालिश और नियमित व्यायाम ये सभी उपाय मिलकर बुढ़ापे में होने वाली हड्डियों और जोड़ों की समस्याओं से बचाने में मदद करते हैं.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


