Last Updated:
Vaibhav Suryavanshi MS Dhoni Helicopter shot: राजस्थान रॉयल्स के प्रैक्टिस सेशन के दौरान 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एमएस धोनी के अंदाज में ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ जड़कर सनसनी मचा दी है. आईपीएल 2026 में सबसे तेज 500 रन बनाने का रिकॉर्ड (227 गेंद) अपने नाम करने वाले इस बिहारी युवा खिलाड़ी की तुलना अब सीधे माही की विरासत से की जा रही है. आज रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सबकी नजरें वैभव पर होंगी, जहां राजस्थान अपनी हार का बदला लेने उतरेगी.
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आईपीएल में खूब धूम मचा रहा है. सोशल मीडिया से लेकर स्टेडियम के स्टैंड्स तक, सिर्फ एक ही नाम की चर्चा है सूर्यवंशी. 15 साल के वैभव भारतीय क्रिकेट के भविष्य का वह चेहरा बन चुके हैं. जिसे देखकर दिग्गज भी हैरान हैं. हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने जयपुर में एक अभ्यास सत्र का वीडियो साझा किया, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी. वीडियो में वैभव ठीक उसी अंदाज़ में अपने बल्ले को घुमाते दिखे, जिसने करीब दो दशक पहले रांची के एक लड़के को दुनिया का सबसे चहेता फिनिशर बना दिया था. जब वैभव ने अपनी कलाई के जोर से गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा, तो वह केवल एक छक्का नहीं था, वह एमएस धोनी के उस मशहूर ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ की लाइव याद थी. राजस्थान रॉयल्स ने इस वीडियो के साथ एक बेहद दिलचस्प और मजाकिया कैप्शन लिखा, ‘ट्रस्ट अ बिहारी टू हिट अ हेलीकॉप्टर शॉट!’
यह कैप्शन केवल मनोरंजन के लिए नहीं था, बल्कि इसमें भारतीय क्रिकेट के एक महान अध्याय की झलक थी. एमएस धोनी (MS Dhoni) ने इस शॉट को वैश्विक पहचान दिलाई, वे मूल रूप से झारखंड से हैं, जो पहले बिहार का ही हिस्सा था. अब बिहार से ताल्लुक रखने वाले युवा वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने जब उसी नज़ाकत और ताकत के साथ बल्ला घुमाया, तो प्रशंसकों को लगा जैसे इतिहास खुद को दोहरा रहा है. धोनी की विरासत और वैभव की आक्रामकता का यह मिलन इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया.


