Last Updated:
RR vs SRH Match Records: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी से तूफानी शतक देखने को मिला. हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के इस ओपनर की शतकीय पारी पर ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की तूफानी फिफ्टी ने पानी फेर दिया और सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली. हैदराबाद को जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य मिला था, जिससे पैट कमिंस की टीम ने तीन गेंदे रहते हासिल कर लिया. इस मुकाबले कई रिकॉर्ड भी बने. चलिए जानते हैं…
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने नाम जयपुर में सबसे बड़ा टारगेट चेज करने का रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है. इससे पहले भी एसआरएच के नाम ही रिकॉर्ड था, जब 2023 में टीम ने राजस्थान के खिलाफ 215 रन बनाकर जीत दर्ज की थी. 229 रन हैदराबाद का आईपीएल में दूसरा बेस्ट रन चेज है. हैदराबाद ने 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 246 रन बनाकर जीत दर्ज की थी, जो उसका सबसे बड़ा सफल रन चेज है.

सनराइजर्स हैदराबाद ने पांचवीं बार 200+ रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया. सबसे ज्यादा बार 200+ रन के लक्ष्य का सफल पीछा करने के मामले में उसने आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स की बराबरी कर ली. इन दोनों टीमों ने भी 5-5 बार ऐसा किया है. पंजाब किंग्स इस लिस्ट में टॉप पर है, उसने 11 बार ये कारनामा किया है. वहीं, मुंबई इंडियंस 6 बार के साथ दूसरे स्थान पर है.

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स की यह लगातार छठी जीत है. इसके साथ ही टीम राजस्थान के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में संयुक्त रूप से नंबर-1 बन गई है. राजस्थान की टीम 2023 से अब तक हैदराबाद को शिकस्त देने में कामयाब नहीं हो सकी. चेन्नई सुपर किंग्स ने भी राजस्थान को 2010 से 2013 के बीच लगातार 6 मैचों में हराया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से आतिशी शतकीय पारी देखने को मिली. उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 103 रन जड़ दिए. 36 गेंदों में शतक पूरा करने के साथ ही वह आईपीएल में तीसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. आईपीएल में सबसे तेज शतक क्रिस गेल के नाम पर है, जिन्होंने 23 अप्रैल 2013 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ महज 30 गेंदों में शतक पूरा किया था. दूसरा सबसे तेज आईपीएल शतक वैभव सूर्यवंशी के नाम ही है, जिन्होंने 2025 को राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में इस मुकाम को हासिल किया था.

वैभव ने अपनी पारी में 12 छक्के लगाए. इससे वह आईपीएल मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम था, जिन्होंने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे. ओवरऑल आईपीएल मैच की एक पारी में सर्वाधिक सिक्स लगाने के मामले में वैभव ने एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल की बराबरी कर ली. क्रिस गेल के नाम सबसे ज्यादा 17 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है.

वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में एक नया इतिहास भी रच दिया. वैभव अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस युवा खिलाड़ी ने केवल 473 गेंदों में अपने 1000 रन पूरे किए. उन्होंने मिचेल ओवेन (533 गेंदें) और एंड्रयू सायमंड्स (558 गेंदें) जैसे बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है.

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ा धमाका किया. वे दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 40 गेंदों से कम में दो बार शतक जड़े हैं. वैभव सूर्यवंशी अब दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं, जिनके नाम लिस्ट में दूसरे और तीसरे सबसे तेज शतक दर्ज हैं. इतनी कम उम्र में 40 गेंदों से कम में दो बार 100 का आंकड़ा छूना अपने आप में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है.

वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत में ही सनराइजर्स के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे से हिसाब बराबर भी कर लिया. दरअसल, हिंगे ने इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल डेब्यू किया था. इस मुकाबले में उन्होंने वैभव को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया था. इसका बदला वैभव ने लगातार चार छक्के जड़कर ले लिया. पारी का पहला ही ओवर लेकर आए प्रफुल्ल को वैभव ने एक के बाद एक बेहतरीन छक्के लगाए. तीसरी गेंद को उन्होंने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से 6 रन के लिए भेजा तो चौथी गेंद पर लॉन्ग लेग की दिशा में छक्का लगाया. पांचवीं गेंद पर लॉन्ग ऑफ की तरफ सिक्स लगाया और आखिरी गेंद पर भी छक्का जड़कर ओवर को 25 रन का बनाया.

वैभव ने पैट कमिंस को भी नहीं छोड़ा. पहली बार आईपीएल 2026 में मैदान पर उतरे सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने दूसरा ओवर फेंका. आखिरी गेंद पर वैभव और कमिंस का आमना-सामना हुआ. कमिंस ने शॉर्ट गेंद फेंकी, जिस पर युवा सनसनी ने एक जबरदस्त पुल शॉट खेलकर गेंद को स्टैंड्स में डिपॉजिट कर दिया. यह वैभव की पारी का लगातार 5वां छक्का था. कमिंस वैभव की उस लिस्ट में शामिल हो गए, जिनका सामना करते हुए वैभव ने पहली ही गेंद पर सिक्स ठोका. जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड जैसे दिग्गजों की पहली गेंद को भी वैभव छक्के के लिए भेज चुके हैं.

वैभव ने अपने टी20 करियर के मात्र 26वें मैच में अपना चौथा शतक जड़ दिया. वे इस मुकाम तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने कई बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है, जिसमें उस्मान खान (33 मैच), साई सुदर्शन (72 मैच), क्रिस गेल (77 मैच) और माइकल क्लिंगर (88 मैच) शामिल हैं. इस शतक के साथ वैभव राजस्थान रॉयल्स के लिए एक से ज्यादा शतक लगाने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं. राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में जोस बटलर (7 शतक), वैभव सूर्यवंशी (2 शतक), यशस्वी जायसवाल: 2 शतक, संजू सैमसन (2 शतक), अजिंक्य रहाणे (2 शतक), शेन वॉटसन (2 शतक) शामिल हैं.


